मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल के बरेली की तरह जल्द ही आक्सीजन एक्सप्रेस प्राणवायु लेकर मुरादाबाद भी पहुंच सकती है। इसके लिए रेलवे ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुरादाबाद में रेल प्रशासन ने रामपुर रोड स्थित मालगोदाम के प्लेटफार्म और रैंप को तैयार करने के निर्देश दिए हैं। यहां ऑक्सीजन टैंकरों को उतारा जा सकेगा।
सोमवार को रेलवे के इंजीनियरिंग व अन्य विभागों के अधिकारियों ने मालगोदाम का जायजा लिया। वहां रैंप तैयार करने के उद्देश्य से रेलवे ने खाका तैयार किया है। रैंप बनाने का काम एक दो दिन में शुरू हो जाएगा। वर्तमान समय में लोग ऑक्सीजन के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। विभिन्न शहरों में कोरोना संक्रमितों की मौत ऑक्सीजन की कमी के कारण हो चुकी है। महंगे दामों पर भी ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं हो पा रही है। ऐसे में किसी भी मरीज को ऑक्सीजन संकट का सामना न करना पड़े। शुरुआत में ऑक्सीजन एक्सप्रेस के लिए बरेली, रुड़की व डंढेरा स्टेशनों को चिह्नित किया गया था। रविवार को भी बोकारो से आक्सीजन एक्सप्रेस बरेली पहुंची है। मुरादाबाद रेल प्रशासन के मुताबिक अभी तिथि निर्धारित नहीं है, लेकिन जल्द ही ऑक्सीजन एक्सप्रेस मुरादाबाद पहुंचेगी।