कटघर थानाक्षेत्र में कोहिनूर तिराहे के पास सोमवार की रात बदमाशों ने कैंटर लूट लिया। कैंटर मालिक को गन प्वाइंट पर लेकर काबू किया और मझोला क्षेत्र में दिल्ली हाईवे पर फेंक दिया। इसके बाद बदमाश ट्रक लेकर फरार हो गए। मालिक खुद ही कैंटर चलाते हैं और रामपुर माल पहुंचाकर वापस लौट रहे थे। कटघर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
संभल थानाक्षेत्र के नखासा थानाक्षेत्र के दीपा सराय निवासी अंसार पुत्र जरार ने बताया कि सोमवार की रात वह अपने कैंटर से रामपुर माल पहुंचाने गए थे। रामपुर से लौटते समय उन्होंने कटघर क्षेत्र में एक होटल पर खाना खाने के बाद कैंटर को कोहिनूर तिराहे के पास आलिया इंटरनेशनल फर्म के सामने खड़ा कर दिया और उसमें ही सो गया।
देर रात तीन बदमाश खिड़की तोड़कर कैंटर में घुस गए और उन्होंने अंसार को अपने कब्जे में ले लिया। तीनों ने अंसार से मारपीट की। एक बदमाश ड्राइविंग सीट पर बैठ गया। अंसार ने बताया कि बदमाशों ने उसके हाथ पैर बांध दिए थे।
दिल्ली रोड पर मझोला थानाक्षेत्र में उसे फेंक दिया और कैंटर और 26 सौ रुपये व मोबाइल लूट कर ले गए। किसी तरह अंसार बंधक मुक्त हुआ और मझोला थाने पहुंचा। मझोला पुलिस ने घटना दूसरे थानाक्षेत्र की बताकर टरका दिया। इसके बाद पीड़ित कटघर थाने पहुंचा। कटघर इंस्पेक्टर एसपी सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।