अमरोहा/रामपुर/मुरादाबाद। कोहरे के चलते दृश्यता बिल्कुल कम होने के कारण अमरोहा और मुरादाबाद में रविवार सुबह लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर एक के पीछे एक 60 से अधिक वाहन भिड़ गए। करीब तीस लोग घायल हुए हैं। वहीं, रामपुर में टेंपो की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र और भतीजे की जान चली गई। अमरोहा में दो अन्य हादसों में भी दो लोगों की मौत हो गई।
अमरोहा के गजरौला में शहवाजपुर डोर के निकट सुबह आठ बजे पहला हादसा हुआ। परिवार समेत दिल्ली जा रहे लखन की कार को पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। इस बीच पीछे से आई एक बस ट्रक में घुस गई। इसी दौरान कार को चालक नियंत्रित नहीं कर पाया और वह बस से टकरा गई। इस तरह दो घंटे के अंतराल में 50 वाहन टकरा गए। करीब 25 लोग जख्मी हो गए। छह क्रेन मंगाकर पुलिस को क्षतिग्रस्त वाहन हटवाने पड़े।
आदमपुर में हरियाणा से मजदूरी कर घर लौट रहे मजदूरों से भरी पिकअप कोहरे में गंगा तटबंध पर अनियंत्रित होकर पलट गई। चालक प्रेमपाल (32) की मौत हो गई, जबकि विद्याराम, श्यौराज, धर्मवीर, ठाकुरदास घायल हो गए। वहीं अमावस्या पर ब्रजघाट से गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालु हादसे का शिकार हो गए। संभल-हसनपुर मार्ग पर कोहरे के कारण ढक्का मोड़ पर रोडवेज बस ने श्रद्धालुओं से भरी इको में टक्कर मार दी। हादसे में ऊषा (40) पत्नी सतवीर निवासी गांव रहटोल, संभल की जान चली गई। छह लोग घायल हो गए।
इधर, मुरादाबाद के मूढ़ापांडे में मनकरा मोड़ के पास हाईवे पर कोहरे के चलते एक के बाद एक सात वाहन टकरा गए। सुबह करीब आठ बजे रामपुर से मुरादाबाद की ओर आ रहे ट्रक से पीछे चल रही उत्तराखंड रोडवेज की बस टकरा गई। इसके बाद पीछे से आ रहे कंटेनर, बस्ती डिपो की बस, एक निजी बस और कार समेत सात वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए। हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। तीन लोग घायल हुए हैं।
रामपुर के धमोरा क्षेत्र में सुबह साढ़े सात बजे बड़ा हादसा हो गया। मिलक कोतवाली क्षेत्र के लाडपुर गांव निवासी मान सिंह (45), उनका बेटा सूरज (21) और भतीजा कल्याण (20) एक ही बाइक से रामपुर जा रहे थे। घने कोहरे के कारण शहजादनगर के पास गलत दिशा से आ रहे टेंपो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की मौत हो गई। पुलिस जब क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवा रही थी, तभी पीछे से आ रहा ट्रक टकरा गया। ट्रक चालक हरदोई निवासी मोहम्मद रजा घायल हो गया।