मुरादाबाद। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मंगलवार देर रात हुए हादसे में जान गंवाने वाली कार सवार युवतियों के परिजनों ने सवाल उठाए हैं। सिमरन के पिता का कहना है कि हादसे में हमारी बेटियां मर गईं, लेकिन युवकों को केवल खरोंच आई है। उन्होंने पुलिस से संपर्क कर हादसे की गहनता से जांच कराने की मांग की है। सिमरन के पिता ने कहा कि वह इस मामले में अलग से तहरीर देंगे। शिवानी के परिजन भी युवतियों की माैत पर अंदेशा जता रहे हैं।
हरियाणा के रोहतक जिले के शिवाजी कॉलोनी निवासी अनिल गोसाई ने बताया कि उनकी बेटी सिमरन रोहतक में होली हार्ट अस्पताल में नर्स थी। सिमरन के साथ ही रोहतक के आईएमटी थाना क्षेत्र के कंसाला निवासी शिवानी भी अस्पताल में काम करती थी। उन्होंने बताया कि रोहतक के सदर थाना क्षेत्र के टिटौली निवासी राहुल और संजू के साथ दोनों 31 मार्च को नैनीताल घूमने गई थीं।
मंगलवार देर रात उन्हें सूचना मिली कि कार को ट्रक ने टक्कर मार दी। अनिल का कहना है कि वह मुरादाबाद पहुंचे और यहां पुलिस से संपर्क किया तो पता चला कि हादसे में दोनों युवतियों की मौत हो गई, जबकि दोनों युवक घायल हैं। उनके पहुंचने से पहले राहुल और संजू को उनके परिजन मुरादाबाद के जिला अस्पताल से रेफर कराकर ले गए थे।
सिमरन के पिता का कहना है कि चारों एक ही वाहन में सवार थे। उन्हें बताया गया कि दोनों युवतियां पिछली सीट पर बैठी थीं। इसके बावजूद युवतियों की माैत हो गई और युवकों को केवल खरोंच आई। अनिल ने बताया कि उन्होंने पुलिस से संपर्क कर हादसे की जांच कराने की मांग की है।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि अगर युवतियों के परिजनों की ओर से कोई शिकायत या तहरीर मिलेगी तो उसकी जांच कराई जाएगी।