बहुजन समन्वय समिति के भारत बंद के आह्वान पर बुधवार को विभिन्न संगठन के पदाधिकारियोंं और कार्यकर्ताओं से आंबेडकर पार्क सिविल लाइंस भर गया। सुप्रीम कोर्ट के फैसले से नाराज लोगों ने नारेबाजी कर आंदोलन की हुंकार भरी। साथ ही राष्ट्रपति से एससी एसटी आरक्षण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के विरुद्ध संसद में कानून बनाकर रद्द करने, आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग की गई। फैसला रद्द नहीं होने पर सालभर आंदोलन की चेतावानी दी।
बहुजन समन्वय समिति के संयोजक चंदन सिंह रैदास के नेतृत्व में भारत बंद के समर्थन में बसपा, आजाद समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी, भारतीय आंबेडकर संघ सहित अन्य सामाजिक संगठन एक मंच पर प्रदर्शन किया। बसपा के पूर्व सांसद गिरीश चंद्र ने सवाल उठाया कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के तहत किन लोगों को क्रीमीलेयर में रखा जाएगा। यह तय करने का मानक क्या होगा। इसमें राज्य सरकारों को राजनीति करने का पूरा मौका मिलेगा। सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय के बाद यदि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के भीतर उप वर्गीकरण किया जाता है तो वर्तमान में लागू आरक्षण के अनुसार सरकारी नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में अनेकों पद रिक्त रह जाएंगे। जिन सीमित वर्ग की उपजातियां को आरक्षण दिया जाएगा। उसमें रिक्त पदों की तुलना में उतने अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हो पाएंगे।
बसपा के डॉ. रणविजय सिंह, जिलाध्यक्ष डॉ. सुनील सागर ने राष्ट्रपति से संसद में कानून बनाकर इस फैसले को रद्द करने की मांग की।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए आंबेडकर युवक संघ के अध्यक्ष महावीर प्रसाद मौर्या ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को गैर संवैधानिक करार दिया। उन्होंने चेताया कि यह फैसला संसद से रद्द नहीं किया गया को पूरे वर्ष आंदोलन चलेगा।
सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आरक्षण के खिलाफ : जयवीर
सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने भारत बंद का समर्थन करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला एससी एसटी आरक्षण के खिलाफ है। बाबा साहब भीमराव आंबेडकर ने कहा था कि संविधान तभी कारगर होगा जब लागू करने वालों की नीयत सही होगी।
प्रदर्शन में ये रहे शामिल
आंदोलन में आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सुमित कुमार, बौद्ध जन कल्याण समिति के अध्यक्ष विमल कुमार धीर, भारतीय बौद्ध महासभा के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ, भारती मेमोरियल कमेटी से हरिओम सागर, राष्ट्रीय अधिवक्ता संघ से परमाल सिंह, बुद्ध विहार समिति से भयंकर सिंह बौद्ध, भीम आर्मी के मंडल अध्यक्ष विजय पुष्कर, जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार आदि शामिल हुए।
रोड जाम कर की नारेबाजी
भारत बंद आह्वान के तहत आए युवकों ने आंबेडकर पार्क के नजदीक जिला अस्पताल रोड जाम कर जमकर नारेबाजी की। स्थिति गंभीर होने पर एसपी सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ आए। उन्होंने किसी प्रकार समझाकर युवकों को सड़क से हटाया।
अनियंत्रित भीड़ कलक्ट्रेट कूच करने वाली थी
भारत बंद के समर्थन में आए राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लोगों ने एडीएम सिटी और सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन नही दिया। वे डीएम को बुलाने की मांग करने लगे। काफी संख्या में भीड़ कलक्ट्रेट कूच करने की तैयारी करने लगी। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद डीएम अनुज सिंह, एसएसपी सतपाल अंतिल के साथ मंच पर पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन लिया। इसके बाद लोग शांत हो गए।