बिलारी। भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत के पदाधिकारियों ने शुक्रवार शाम थाना बिलारी में सीओ अशोक कुमार सिंह से मिलकर टोल प्लाजा विवाद में निष्पक्ष जांच की मांग की।
भाकियू महात्मा टिकैत के मंडलाध्यक्ष जसपाल फौजी, रामपुर जिलाध्यक्ष ज्ञानपाल यादव, रामपुर महिला सभा की जिलाध्यक्ष शबाना खान और मुरादाबाद जिलाध्यक्ष सुशील चौधरी के साथ संगठन पदाधिकारी सीओ से मिले। संगठन पदाधिकारियों का कहना था कि टोल प्लाजा प्रबंधक ने गलत तथ्य दर्शाते हुए संगठन कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठी रिपोर्ट लिखाई है। इस दर्ज रिपोर्ट की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और संगठन के कार्यकर्ताओं के खिलाफ किसी तरह की कोई उत्पीड़नात्मक कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। सीओ से मिलने के बाद भाकियू महात्मा टिकैत के मुरादाबाद मंडल अध्यक्ष जसपाल फौजी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम से संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। शुक्रवार देर रात मुरादाबाद में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की होने वाली बैठक में आगामी रणनीति तय की जाएगी।
-
थाने पहुंचे टोल प्लाजा कर्मी, पुलिस को घटनाक्रम की दी जानकारी
बिलारी। इब्राहिमपुर टोल प्लाजा के प्रबंधक सोनू यादव के नेतृत्व में दो महिला कर्मियों समेत अनेक टोल प्लाजा कर्मी शुक्रवार शाम थाना बिलारी पहुचे। यहां सीओ और थाना प्रभारी से मिलकर शुक्रवार दोपहर का पूरा घटनाक्रम बताया। टोल कर्मियों ने स्वयं को उचित सुरक्षा मिलने की बात भी कही।
24 कार्यकर्ता हिरासत में, की जा रही पूछताछ - सीओ
बिलारी। सर्किल के पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि टोल प्रबंधक की ओर से दी गई तहरीर पर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। किसान संगठन के 24 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। दर्ज रिपोर्ट की साक्ष्य के अनुसार निष्पक्ष जांच की जाएगी। किसी का भी कोई उत्पीड़न नहीं किया जाएगा।
फोटो परिचय- 18 फोटो परिचय-15 फोटो परिचय-16,17