डाकघर में मिलेंगी अब कई सुविधाएं
- फोटो : demo pic
डाकविभाग के उन खाताधारकों को बड़ी राहत मिली है जिनके पास डाक एटीएम का कार्ड है। कार्डधारक अब किसी भी बैंक के एटीएम से कैश निकाल सकते हैं। अभी तक डाक विभाग के कार्डधारक सिर्फ डाक एटीएम से ही कैश निकाल पा रहे थे। वहीं डाक विभाग अब खाता खुलवाने पर ग्राहक को तुरंत एटीएम कार्ड जारी करेगा।
डाकविभाग के करीब ढाई हजार एटीएम कार्डधारक हैं। ये कार्डधारक केवल डाकविभाग के एटीएम का ही उपयोग कर पा रहे थे लेकिन डाक विभाग ने ग्राहकों की परेशानी को देखते हुए बैंक के एटीएम से भी कैश निकालने की व्यवस्था कर दी है। दो से तीन दिन में डाकविभाग के कार्ड सभी बैंकों के एटीएम में काम करने लगेंगेे।
डाकविभाग के एसएसपी ने बताया कि जल्दी ही डाकविभाग के एटीएम कार्डधारक अन्य बैंकों के एटीएम में काम करने लगेंगे। इससे विभाग के अधिक से अधिक ग्राहक जिनके पास एटीएम कार्ड नहीं हैं वो भी कार्ड बनवाने को प्रेरित होंगे।
उन्होंने बताया कि बैंकों द्वारा एटीएम कार्ड पर शुल्क लिया जाता है लेकिन डाकविभाग अपने ग्राहकों को निशुल्क कार्ड जारी करता है। विभाग में जो भी ग्राहक खाता खुलवाएंगे उन्हें उसी समय कार्ड जारी कर दिया जाएगा।