मुरादाबाद। अस्पतालों की फार्मेसी में बिकने वाली दवाओं की कीमत जानने के लिए मरीजों और तीमारदारों को अब भी दुकानदार पर निर्भर रहना पड़ रहा है। दवाओं की खरीद और बिक्री की कीमत सार्वजनिक करने के आदेश को एक माह बीत चुका है, लेकिन शहर के नामचीन अस्पतालों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। औषधि विभाग के निरीक्षण में सिर्फ दो अस्पतालों में ही क्यूआर कोड लगाने की व्यवस्था मिली। बाकी अस्पतालों में आदेश का पालन नहीं हुआ।
शासन के निर्देश के अनुसार अस्पतालों की फार्मेसियों को अपनी वेबसाइट बनाकर उस पर उपलब्ध दवाओं की खरीद और बिक्री की कीमत की जानकारी देनी है। साथ ही फार्मेसी के बाहर क्यूआर कोड चस्पा करना है, ताकि मरीज या तीमारदार उसे स्कैन कर दवा का वास्तविक मूल्य देख सकें। इसका उद्देश्य दवाओं की कीमतों में पारदर्शिता लाना और मरीजों को निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली से बचाना है।
औषधि विभाग के निरीक्षण में फोटॉन अस्पताल में वेबसाइट और क्यूआर कोड चस्पा मिला। इसके अलावा क्रेस्ट, कॉसमॉस, सिद्ध, जिज्ञासा और साईं अस्पताल समेत 10 अस्पतालों में व्यवस्था लागू नहीं मिली। विभाग ने सभी को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में निर्देशों का पालन करने को कहा है। औषधि निरीक्षक उमेश भारती ने बताया कि अस्पतालों को नोटिस देकर पूछा गया है कि आदेश जारी होने के एक माह बाद भी उन्होंने वेबसाइट क्यों नहीं बनाई और क्यूआर कोड क्यों नहीं लगाया। एक सप्ताह में व्यवस्था लागू नहीं करने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।