मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण काल में हजयात्रा 2021 केलिए आवेदन की रफ्तार सुस्त पड़ी है। आवेदन में सिर्फ आठ दिन बाकी हैं। लेकिन अब तक जिले से करीब 200 लोगों ने ही आवेदन किया है। जबकि पिछले साल जिले से 2500 से अधिक लोगों ने आवेदन फार्म भरा था। फिलहाल आवेदन की अंतिम तिथि दस दिसंबर है।
इस साल कोरोना वायरस के चलते हजयात्रा नहीं हो पाई। लेकिन हज कमेटी इंडिया ने आगामी हजयात्रा के लिए नवंबर में ही तैयारी शुरू कर दी। नियम और शर्तों में बदलाव कर हजयात्रा 2021 का कार्यक्रम जारी कर दिया। सात नंवबर से ऑनलाइन आवेदन भी शुरू हो गए। लेकिन 26 दिनों में आवेदन प्रक्रिया रफ्तार नहीं पकड़ पाई है। अभी तक 200 लोगों ने ही ऑनलाइन आवेदन किया है। हज ट्रेनर हाजी मुख्तार असलम ने बताया कि हजयात्रा 2021 के लिए आवेदकों की संख्या बहुत कम है। अब तक करीब 200 ही आवेदन हो पाए हैं। इसकी मुख्य वजह कोरोना संक्रमण है। इसके अलावा कोरोना संक्रमण काल में उम्र की बंदिश और बढ़ा किराया भी वजह है। जबकि हजयात्रा 2020 के लिए ढाई हजार से अधिक आवेदन हुए थे।