कुंदरकी। मुरादाबाद के जयंतीपुर अपनी ननिहाल गई एक साल की बच्ची की खेलने के दौरान बाथरूम में रखी पानी से भरी बाल्टी में गिरने से मौत हो गई। वह मुंह के बल बाल्टी में गिरी थी। उसकी पानी में दम घुटने से जान चली गई। मासूम की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
कुंदरकी के मोहल्ला कायस्थान निवासी मजदूर नदीम की ससुराल मुरादाबाद के जयंतीपुर में है। दो जुलाई को नदीम की पत्नी गुलिस्ता अपने बच्चों के साथ मायके को गई थी। परिजनों के अनुसार, रविवार की सुबह नौ बजे नदीम की सबसे छोटी बेटी आयत घर में ही खेल रही थी। वह खेलते हुए बाथरूम तक पहुंच गई। बाथरूम में पहले से ही पानी से भरी बाल्टी रखी थी। आयत पानी से भरी बाल्टी में मुंह के बल गिर गई और पानी में दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
कुछ देर बाद मां गुलिस्ता आयत को ढूंढने लगी। उसे आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं आया। उसकी तलाश करते हुए गुलिस्ता बाथरूम में पहुंची, जहां आयत पानी से भरी बाल्टी में मुंह के बल गिरी मिली। उसे बाल्टी से निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उसकी मौत के बाद परिजनों में चीत्कार मच गई। ननिहाल से जब मासूम का शव कुंदरकी उसके घर पहुंचा तो लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। गमजदा परिवार को सगे संबंधी और रिश्तेदार ढांढस बंधाते नजर आए। वहीं रविवार की दोपहर बाद परिजनों ने बच्ची के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।
इस मामले में मुरादाबाद के मझोला थाना प्रभारी रवींद्र कुमार ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है।
-
बेटी का शव को देखकर बदहवास थी मां
कुंदरकी। मोहल्ला कायस्थान निवासी नदीम की सबसे छोटी बेटी आयत (1) की मौत होने से पूरा परिवार सदमे में है। मृतका आयत की मां गुलिस्ता रोते-बिलखते बदहवास थी। उसे परिवार की महिलाएं ढांढस बंधा रही थीं। वहीं छोटी बहन की मौत पर उसके भाई अली (5), बहन अनाविया (4) व हिबा (3) का भी रो-रोकर हाल बेहाल था।
-
घरेलू कार्य में लगी थी मां, आंखाें से हमेशा के लिए ओझल हो गई बेटी
कुंदरकी। बेटी आयत को खेलता देख मां गुलिस्ता घरेलू कार्य में लग गई लेकिन उसको क्या पता था कि मासूम बेटी खेलते-खेलते उसकी आंखाें से हमेशा के लिए ओझल हो जाएगी। कुछ देर तक आयत घर में नहीं दिखाई दी तो गुलिस्ता उसे तलाशने लगी, जब वह बाथरूम में पहुंची तब तक काफी देर हो चुकी थी और आयत पानी से भरी बाल्टी से गिरने से दम तोड़ चुकी थी। संवाद