मुरादाबाद। मझोला थाने की पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 बाइकें बरामद कीं। आरोपी महंगे शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी करते थे। शुक्रवार शाम पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपने नाम मैनाठेर निवासी मोहम्मद फहीम, संभल कोतवाली के फतुल्ला सराय निवासी साजिद, संभल के ही हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव बटउओ ततारपुर निवासी जफसर अली और संभल कोतवाली के बेगम सराय निवासी मोहम्मद अहमद बताए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 बाइकें बरामद कीं। चारों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। बरामद बाइकों में से तीन मझोला क्षेत्र और एक अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह महंगे शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी करते हैं।