हसनपुर। फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट से मारपीट कर एक लाख की नकदी लूट ली गई। घटना के दौरान जमा लोगों की भीड़ ने एक आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है।
बुलंदशहर के गांव चरोरा निवासी मोनू कुमार हसनपुर में संचालित एक निजी फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट का काम करते हैं। बुधवार देर शाम वह ग्रामीण क्षेत्र से कलेक्शन इकट्ठा कर लौट रहे थे। हसनपुर के फूलपुर घड़ी चौराहे पर दो नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने उससे कलेक्शन की रकम लूट ली। ब्रांच मैनेजर दीपक कुमार ने बताया कि बदमाशों ने तमंचा दिखाकर मोनू से मारपीट की और करीब एक लाख की नकदी भरा बैग छीन लिया जिससे बैग की तनी टूट गई। लूट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
उधर, ग्रामीणों ने एक बदमाश का चेहरा पहचान लिया और उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया जबकि एक भाग गया। पुलिस भागे आरोपी की तलाश में जुटी है। वहीं, जो आरोपी हिरासत में है उससे पूछताछ की जा रही है। एसओजी एवं क्राइम ब्रांच की टीम भी खोजबीन कर रही है। आसपास के थानों की टीम को भी एसपी ने अलर्ट कर दिया है। थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। संवाद