कांठ। मुरादाबाद के चर्चित अनुज हत्याकांड के गवाह/पैरोकार पर बाइक सवारों द्वारा फायरिंग करते हुए जानलेवा हमला करने के मामले में छजलैट पुलिस ने अज्ञातों में से मेरठ निवासी एक आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी और उसके साथी ने हत्या करने के लिए पैसा लिया था।
मूल रूप से जनपद संभल के थाना ऐचौडा कम्बौह अंतर्गत आने वाले गांव गौहर नगर निवासी अजय कुमार वर्तमान में नया मुरादाबाद के सेक्टर 16 ए-137 में रहते हैं। उन्होंने 26 दिसंबर 2025 को छजलैट थाने में दर्ज कराई एफआईआर में कहा था कि 25 दिसंबर की शाम वह कार से साथी के साथ बिजनौर के रायपुर जा रहे थे। लेकिन उन्हें रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा। वह छजलैट के कैच की पुलिया-हकीमपुर मार्ग पर कार से जा रहे थे, जब गांव किशनपुर मोड़ पर पहुंचे तो पीछे से आई बाइक पर सवार दो युवकों ने बाइक लगाकर उन्हें रोक लिया था और गालियां देते हुए कहा कि अगर तुमने अनुज के मुकदमे की पैरवी और गवाही न बंद तो तेरे दोस्त अनुज की तरह तेरी भी हत्या कर देंगे और उन्होंने जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी थी। जिस पर दोनों ने भागते हुए गन्ने के खेत में छिपकर अपनी जान बचाई। छजलैट पुलिस ने अजय कुमार की ओर से दो अज्ञात और कमलवीर, ललित कौशिक, अनिकेत, पुष्पेंद्र, अमित, मोहित और प्रभाकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। तभी से पुलिस इस मामले की विवेचना में जुटी थी। पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान सचिन कुमार निवासी इंद्रपुरम काशी थाना परतापुर जिला मेरठ का नाम प्रकाश में आने पर बुधवार को उसे गिरफ्तार न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी सचिन की कमलवीर और ललित कौशिक आदि से जेल में जान पहचान हुई थी। कमलवीर ने ही सचिन से अजय कुमार और मृतक अनुज के बहनोई नीरज की हत्या करने का सौदा दस लाख रुपये में तय किया था। जिसके बाद सचिन ने अपने साथ धीरेंद्र उर्फ छोटू निवासी नंगलिया जट रजबपुर जिला अमरोहा को भी जोड़ लिया था और तय रकम में से इन्हें पांच लाख रुपये भी मिल गए थे। यह पहले ही वारदात को कचहरी मुरादाबाद में अंजाम देना चाहते थे, लेकिन वहां पर मौका नहीं लगा। इसके बाद से दोनों अजय और नीरज की हत्या करने की फिराक में लगे थे। अब कमलवीर ने दोनों की हत्या का प्लान बनाने के लिए सचिन को फिर बुलाया था। पता लगने पर छजलैट पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।