डिलारी। थाना क्षेत्र के लालपुर चौहान स्थित स्कूल में घुस कर कक्षा पांच के छात्र को पीटने और उसका गला दबाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
डिलारी थाना क्षेत्र के नाखूनका निवासी ग्रामीण ने डिलारी थाने में 30 सितंबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने बताया कि उसका बेटा लालपुर चौहान स्थित स्कूल में कक्षा पांच में पढ़ता है। कुछ दिन पहले नाखूनका के बच्चों के साथ किसी बात को लेकर उसकी कहां सुनी हो गई थी। इसी बात को लेकर आरोपी मुजम्मिल, नासिर और नाजिर स्कूल के अंदर घुस गए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए बच्चों को मारा-पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित का बेटा डर कर किसी प्रकार लालपुर चौहान गांव की तरफ भागा तो उसे आरोपियों ने एक घर में दबोच लिया और वहां पर जान से मारने की नीयत से गला दबाने लगे। शोर को सुनकर आए गांव के लोग आए तो आरोपी वहां से भाग गए। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि शनिवार को आरोपी मुजम्मिल को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।