मुरादाबाद। समाधान दिवस पर तहसील सदर में राशन कार्ड बनवाने और जमीन विवाद की अधिक शिकायतें आईं। अधिकारियों ने 51 शिकायतों में पांच का मौके पर निस्तारण किया। तहसील सदर में एडीएम प्रशासन संगीता गौतम और एसडीएम डॉ. राममोहन मीणा ने लोगों की समस्याएं सुनी। एडीएम प्रशासन का कहना था कि फार्मर रजिस्ट्री और खतौनी में शुद्धिकरण और राशन कार्ड के दो मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया है। इस बार एसडीएम ने एक समस्या पर एक नोडल अधिकारी को नियुक्त किया है ताकि समस्याओं का समय से निस्तारण हो सके।
पर्वतपुर महानंद निवासी अंजू पत्नी संजू ने बताया कि उसने राशन कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था लेकिन दो माह बाद भी राशन कार्ड नहीं बना। इसी प्रकार मंगूपुरा निवासी शांति पत्नी चंद सैनी ने भी राशन कार्ड के लिए दूसरी बार समाधान दिवस में आवेदन की है लेकिन उसका राशन कार्ड नहीं बना है।
दबंगों ने पुलिया तोड़ी, गांव के लोग परेशान
ग्राम बहेड़ी रोशनपुर के महेश, माया देवी सहित आधा दर्जन लोगों ने एडीएम प्रशासन के समक्ष शिकायत किया कि दबंगों ने सार्वजनिक पुड़िया तोड़कर नाला बंद कर दिया है। इस कारण गांव की 250 बीघा किसानों की फसल में पानी नहीं जा रहा है। दबंगई की वजह से गांव के कई किसान परेशान हैं। इस मामले में एडीएम ने जांच टीम बनाकर सरकारी भूमि से कब्जा हटाने के निर्देश दिए हैं।