बिलारी। अखिल भारतीय प्रधान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने कहा कि ग्राम पंचायतों की मजबूती के लिए ग्राम प्रधानों और किसानों में समन्वय होना जरूरी है। इसी उद्देश्य को लेकर 20 जनवरी को बिलारी में ढकिया नरु गांव के जंगल में स्थित चौधरी चरण सिंह स्मारक स्थल पर प्रधान किसान एकता महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
विज्ञापन
राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी मंगलवार दोपहर बाद क्षेत्र के ढकिया नरु गांव में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह स्मारक स्थल पर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जो 51 फीट ऊंची प्रतिमा बनी हुई है वहीं पर प्रधान किसान एकता महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस महासम्मेलन के मुख्य अतिथि भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत होंगे। सम्मेलन में प्रदेश भर के ग्राम प्रधानों और ग्राम प्रधान संगठन के पदाधिकारियों को बुलाया गया है। भाकियू टिकैत से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से भी इस महासम्मेलन में आने का अनुरोध किया गया है।