मुरादाबाद। भाई दूज पर यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज निगम ने तैयारियां पूरी कर ली है। पीतल नगरी बस अड्डे से संभल, चंदौसी और बदायूं के लिए मंगलवार की सुबह पांच बजे से बस का संचालन शुरू हो जाएगा। इन रूटों पर बस का संचालन 24 घंटे होगा। चालकों और परिचालकों को अतिरिक्त बस चलाने पर प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
मुरादाबाद जोन क्षेत्रीय प्रबंधक परवेज खान ने बताया कि भाई दूज पर संभल, चंदौसी और बदायूं के लिए 24 घंटे बस मिलेगी। पीतल नगरी बस अड्डे से संभल के लिए आठ मिनट पर तथा चंदौसी और बदायूं के लिए हर 10 मिनट में बस निकलेगी। संभल रूट पर 32 बस तथा चंदौसी और बदायूं रूट पर 50 बस चलेंगी। उन्होंने बताया कि जैसे ही यात्रियों की संख्या बढ़ेगी, बसों के फेरे बढ़ा दिए जाएंगे। इसके बावजूद अगर बसें कम पड़ेंगी तो जिस रूट पर कम यात्री रहेंगे, उस रूट की कुछ बसों को संभल, चंदौसी और बदायूं रूट पर चला दिया जाएगा। बस अड्डे पर आने वाले हर यात्री को 20 से 25 मिनट के अंदर अपने घर जाने के लिए बस मिलेगी। वहीं बाकी रूट पर पहले से जिस प्रकार से बसें चल रही हैं, उसी प्रकार चलती रहेंगी।
पीतल नगरी से संभल तथा चंदौसी और बदायूं के लिए रूट
संभल- पीतल नगरी बस अड्डा से जटपुरा, ताहरपुर, डींगरपुर, मैना ठेर, महमूद पुर, सिरसी संभल
चंदौसी और बदायूं- पीतल नगरी बस अड्डा से हुसैनपुर, सोमगढ़, कुंदरकी, बिलारी, नगलिया, अकरौली, बनियाठेर, चंदौसी, फैजगंज, मुड़िया, विशौली, बजीरगंज, बदायूं