मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र के फकीरपुरा चौकी क्षेत्र निवासी एक बुजुर्ग महिला की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक बुजुर्ग रामकिशोरी (70) सब्जी बेचने का काम करती थी। काफी दिनों से उनकी तबियत खराब चल रही थी। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर महिला ने सब्जी का ठेला नहीं लगाया। दोपहर करीब तीन बजे परिजनों से दवा लाने की बात कहकर वह घर से निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। शाम करीब पांच बजे किसी ने उसका शव रेलवे ट्रैक के किनारे पड़े देखा। इसकी सूचना जीआरपी को दी गई। मौके पर पहुंची जीआरपी की टीम ने दवा की पर्ची के आधार पर शिनाख्त करने के बाद परिजनों को सूचना दी तो कोहराम मच गया। जीआरपी के अनुसार जब हादसा हुआ तब केवल मालगाड़ी गुजरने का वक्त होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।