मुरादाबाद। शुक्रवार को बिजली (ओएचई) फेल होने से रेल संचालन ठप हो गया। मुरादाबाद हकीमपुर के बीच ट्रेनें जहां तहां खड़ी हो गईं। सूचना मिलने पर विद्युत शाखा की टीम मौके पर पहुंची बिजली लाइन ठीक की गई। इसके बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया।
मंडल के हकीमपुर और मुरादाबाद के बीच शुक्रवार शाम पौने चार बजे बिजली आपूर्ति फेल हो गई। जिसकी वजह से मुरादाबाद दिल्ली रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन ठप हो गया। नई दिल्ली से राजगिर जाने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस, आनंद विहार से दानापुर के बीच चलने वाली जन साधारण एक्सप्रेस और तीन मालगाड़ियां बीच में रुक गईं। स्टेशन मास्टर ने इसकी जानकारी रेलवे कंट्रोल में दी। सूचना मिलने पर विद्युत शाखा की टीम मौके पर पहुंची और ओएचई लाइन ठीक की गई। एक घंटे बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हो पाया।
चेन खींचकर रोकी दो एक्सप्रेस ट्रेनें
मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल के बरेली कैंट और रामगंगा ब्रिज रेलवे स्टेशन के बीच शुक्रवार दोपहर दो बजकर दस मिनट पर चेन पुलिंग कर कामाख्या आनंद विहार एक्सप्रेस ट्रेन रोक दी गई। चालक ने इसकी जानकारी रेलवे कंट्रोल में दी। ट्रेन में तैनात आरपीएफ जवान उस कोच में पहुंचे। जिस कोच से चेन पुलिंग की गई थी। लेकिन चेन खींचने वालों का पता नहीं चल पाया। इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना कर दी गई। दिल्ली से प्रतापगढ़ के बीच चलने वाली पद्मावत एक्सप्रेस को करना और मसीत के बीच जंजीर खींचकर रोक दी गई। चेन खींचने वालों की तलाश की गई। लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल पाया।
दौड़ती मालगाड़ी के डिब्बे की खिड़की खुली
मुरादाबाद। मुरादाबाद मंडल के बाबूगढ़ से गुजरी मालगाड़ी के डिब्बे की खिड़की खुल गई। स्टेशन मास्टर ने इसकी जानकारी रेलवे कंट्रोल और अगले स्टेशन के स्टेशन मास्टर को दी। अगले स्टेशन पर मालगाड़ी रुकवा ली गई। इसके बाद डिब्बे की खिड़की बंद कर मालगाड़ी को रवाना किया गया।
वाहनों की टक्कर से टूटे फाटक के बूम
मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल में शुक्रवार को दो अलग अलग जगह वाहनों की टक्कर से रेलवे फाटक के बूम टूट गए। जिससे अप व डाउन लाइन का सिगनल फेल हो गया। इसके बाद ट्रेनों का संचालन बाधित हो गया। मंडल के बरेली और बरेली कैंट यार्ड के बीच स्थित गेट संख्या 02/ ए है। शुक्रवार दोपहर बारह बजकर पांच मिनट पर टाटा मैजिक ने फाटक में टक्कर मार दी। इस हादसे में फाटक का बूम टूट गया। सूचना मिलने पर रेलवे टीम मौके पर पहुंची और फाटक ठीक किया गया। इसके बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया। इसके अलावा आंझी शाहबाद यार्ड में स्थित 300 बी में ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बूम टूट गया। जिसकी वजह से रेल संचालन बाधित हो गया। इस दौरान लखनऊ सहारनपुर पैसेंजर, अवध असम एक्सप्रेस, चंडीगढ़ लखनऊ एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के बीच में रुकी गई। फाटक ठीक करने के बाद इन ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया।
सिगनल फेल होने से रुकीं रहीं ट्रेनें
मुरादाबाद। मंडल के शाहजहांपुर और आलम नगर के बीच शुक्रवार को सुबह ग्यारह बजे से दोपहर बारह बजे तक सिगनल फेल हो गया। इस दौरान चंडीगढ़ लखनऊ एक्सप्रेस, सिगरौली टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस, हावड़ा हरिद्वार कुंभ एक्सप्रेस और चार ट्रेनें बीच में रुकी रहीं। सिगनल ठीक करने के बाद इन ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया।