बिलारी। स्थानीय तहसील प्रशासन द्वारा खनन के अवैध कारोबारियों के खिलाफ शिकंजा कसने के बाद अब नियमानुसार खनन की अनुमति के लिए जनसेवा केंद्रों पर ऑनलाइन आवेदन करने के काम में तेजी आ गई है। एसडीएम द्वारा अवैध खनन रोकने को सप्ताह भर पहले तीन टीमें गठित कर दी गई थीं। दो दिन पहले तहसील के गदीपुर गांव में अवैध खनन का मामला पकड़ में आने के बाद एसडीएम के निर्देश पर थाना कुंदरकी में अवैध खनन कारोबारियों और संबंधित भू स्वामियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करा दिया गया है। प्रशासन द्वारा कड़ा रुख अपनाने के बाद जिन किसानों को अपने निजी काम के लिए अपने खेत से मिट्टी उठानी है वह भी ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। बुधवार दोपहर बिलारी ब्लॉक की कई ग्राम पंचायतों के प्रधान तहसील में एसडीएम से ग्राम विकास के कार्यों के लिए मिट्टी उठान की बावत मिले। एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों के लिए मिट्टी उठान कराने को भी नियमानुसार प्रशासन से अनुमति लेनी होगी।