कांठ। अब हर लाइसेंसी शस्त्रधारक को असलाह का हिसाब देना होगा। एडीजी के निर्देश पर पुलिस ने कारतूसों का सत्यापन शुरू कर दिया है। जिससे लाइसेंसी शस्त्रधारकों में हड़कंप मचा हुआ है।
सोमवार को कांठ के पुलिस उपाधीक्षक बलराम सिंह ने स्वयं कस्बा चौकी पर बैठकर लाइसेंसी शस्त्रों के कारतूसों का सत्यापन किया। उन्होंने बताया कि कुछ लोग ऐसे होते हैं जो अपने लाइसेंस पर कारतूस खरीदकर अवैध रूप से इस्तेमाल होने वाले असलहों में चलाने के लिए बेच देते हैं। जिससे अपराध हो जाता है। अवैध तमंचे लेकर कुछ लोग उनमें लाइसेंसी शस्त्रों पर मिलने वाले कारतूसों का इस्तेमाल करते हैं। इसी को रोकने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) बरेली जोन अनिनाश चंद्र के निर्देश पर लाइसेंसी कारतूसों का सत्यापन करने के लिए अभियान की शुरूआत की गई है। उन्होंने बताया कि कांठ थाना क्षेत्र में करीब 845 और छजलैट में 1000 लाइसेंसी शस्त्र हैं। जो भी लाइसेंसी शस्त्र धारक कारतूसों का हिसाब नहीं दे पाएगा उससे जवाब लिया जाएगा। न देकर वैधानिक कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। अचानक चले इस सत्यापन अभियान से लाइसेंसी शस्त्र धारकों में हड़कंप मचा हुआ है।