मुरादाबाद। जिला अस्पताल में ट्रू नेट मशीन के बाद शनिवार को रियल टाइम पॉलीमरेज चेन रिएक्शन टेस्टिंग (आरटीपीसीआर) बीएसएल-2 लैब का उद्घाटन हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लैब का ऑनलाइन शुभारंभ किया। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने लैब का जायजा लिया। लैब में एक बार में 96 सैंपल लगाए जाएंगे और चार घंटे में रिपोर्ट मिल जाएगी। दो करोड़ की लागत से तैयार लैब में बुधवार से विधिवत सैंपल लगाए जाएंगे। लैब में ऑटोमेटिक मशीन मिलने और स्टाफ की क्षमता बढ़ाए जाने के बाद प्रतिदिन एक हजार सैंपलों की जांच हो सकेगी।
मुरादाबाद से कोरोना आशंकित लोगों के सैंपल जांच के लिए लखनऊ केजीएमयू भेजे जा रहे हैं। लखनऊ से रिपोर्ट दो दिन बाद आती है। इस अवधि में आशंकित व्यक्ति घर से बाहर घूमता है और संक्रमण फैलाता है। जिला अस्पताल में ट्रू नेट मशीन लगी है। इससे सिर्फ इमरजेंसी आपरेशन और डिलीवरी केस से संबंधित मरीजों के ही करोना की जांच होती है। ट्रू नेट मशीन से अब तक 240 सैंपल जांचे जा चुके हैं, जिनमें 20 पॉजिटिव आए हैं। आरटीपीसीआर लैब शुरू होेने से सैंपलों की मुरादाबाद में ही जांच हो सकेगी। लैब में जो मशीन आई है उसमें अभी 96 सैंपल एक साथ लगाए जा सकते हैं। इनकी रिपोर्ट चार घंटे में मिलेगी। यानी चार-चार घंटे की दो शिफ्ट चलाए जाने पर भी 192 सैंपलों की जांच हो सकेगी। माइक्रो बायोलॉजिस्ट डा. नीलमणि ने बताया कि लैब के लिए छह लोगों के स्टाफ की तैनाती की गई है। इनमें तीन टेक्निकल स्टाफ है। बुधवार से लैब में सैंपल लगाए जाएंगे। डा. नीलमणि ने बताया कि आटोमेटिक मशीन आनी है। इस महीने के आखिर तक मशीन आने की संभावना है। आटोमेटिक मशीन आने और स्टाफ बढ़ने से एक दिन में एक हजार सैंपलों की जांच हो सकेगी। मंडल के सभी जिलों की जांच मुरादाबाद से हो सकेगी। उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के अलावा सीएमस डा. ज्योत्सना पंत, एडी हेल्थ डा. सत्य सिंह और चिकित्सा अधीक्षक राजेंद्र कुमार मौजूद रहे।
- ट्रू नेट मशीन के बाद आरटी पीसीआर (बीएसएल-2) लैब शुरू होने से कोरोना के संक्रमण की रोकथाम में काफी मदद मिलेगी। लैब में सैंपल लगाने के चार घंटे बाद रिपोर्ट मिलने से मरीजों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया जा सकेगा। जिससे संक्रमण फैलने की संभावना कम होगी। - डा. एमसी गर्ग, सीएमओ।
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जिला अस्पताल स्थित मंडलीय आरटी पीसीआर लैब का ऑनलाइन उद्घाटन किया। लैब दो करोड़ की लागत से तैयार हुई है। लैब शुरू होने से कोविड 19 की टेस्टिंग में तेजी आएगी। चार घंटे में रिपोर्ट मिलने से संक्रमण को रोकने में सफल होंगे। - राकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी।
- ट्रू नेट मशीन से औसतन प्रतिदिन 15 सैंपल की जांच होती है। अब तक 240 सैंपल जांच में 20 पॉजिटिव आए हैं। बीएसएल-2 लैब की टेस्टिंग क्षमता एक बार में 96 सैंपल जांच करने की है। स्टाफ बढ़ने और आटोमेटिक मशीन मिलने से प्रतिदिन एक हजार सैंपल की जांच हो सकेगी। आटोमेटिक मशीन इस महीने के आखिर तक मिलने की उम्मीद है।
- डा. नीलमणि, माइक्रोबायोलॉजिस्ट।