ठाकुरद्वारा। नगर में बिना एनओसी के संचालित 32 कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी को नोटिस जारी किए हैं। कोचिंग व लाइब्रेरी के संचालकों को 15 दिन के भीतर सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
लखनऊ अग्निकांड के बाद ठाकुरद्वारा में संचालित कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी की जांच में पुलिस और अग्निशमन विभाग को सिर्फ एक संस्थान में ही अग्निशमन विभाग की एनओसी मिला था, बाकी सभी संस्थान बिना एनओसी के चल रहे हैं। इन संस्थानों में आग बुझाने के उपकरण भी पुराने मिले थे।
इसको लेकर चार दिन पहले कोतवाली में बैठक आयोजित कर कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी के संचालकों को संस्थानों में आग से बचाव के सभी आवश्यक मानक पूरा करने के निर्देश दिए थे। लेकिन अभी भी कई संस्थानों में अग्नि और बिजली से बचाव के मानक पूरे नहीं किए गए हैं। इस बारे में अग्निशमन विभाग ठाकुरद्वारा के प्रभारी अंग्रेज सिंह ने बताया कि बिना एनओसी के चल रहे करीब 32 लाइब्रेरी और कोचिंग संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं। उनसे 15 दिन के अंदर एनओसी की सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। एनओसी न लेने पर कार्रवाई चेतावनी दी गई है।
उधर कोचिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित कुमार का कहना है कि अधिकांश कोचिंग संस्थानों के संचालन ने अधिकांश मानक पूरे कर लिए हैं। एसडीएम के आदेश पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और नायब तहसीलदार बृहस्पतिवार को संस्थाओं की जांच के लिए निकले तो कई संस्थान बंद मिले।
प्रशासन की चेतावनी के बाद शनिवार को कोचिंग संस्थानों के संचालकों ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार खरवार से मिलकर इस बारे में वार्ता की। उनसे मानकों के बारे में जानकारी की। संवाद