बिलारी। बिलारी चीनी मिल द्वारा वर्तमान जुलाई माह में वायदे के अनुसार बकाया गन्रा मूल्य का भुगतान न करने पर गन्ना समिति के सभापति ने नाराजगी जताई। सभापति ने गन्ना समिति अधिकारियों की बैठक बुलाकर चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक को नोटिस जारी करा दिया और महाप्रबंधक गन्ना को बैठक में बुलाकर नाराजगी जताई। समिति सभापति ने शीघ्र ही इस मुद्दे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलने की बात कही है।
बुधवार सुबह सहकारी गन्ना विकास समिति बिलारी के सभापति चौधरी विजयपाल सिंह ने गन्ना समिति कार्यालय पहुंचकर गन्ना विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। सभापति ने जब समिति के विशेष सचिव आर के पाठक और गन्ना परिषद बिलारी के गन्ना निरीक्षक संजीव कुमार से गन्ना मूल्य भुगतान के बारे में जानकारी ली तब पता चला कि बिलारी चीनी मिल पर अभी भी किसानों के गन्ना मूल्य के रूप में बिलारी समिति क्षेत्र के लगभग 42 करोड़ और मुरादाबाद समिति क्षेत्र के लगभग चार करोड़ रुपये बकाया हैं। समिति सचिव ने समीक्षा बैठक में बताया कि बिलारी चीनी मिल प्रबंधन ने तहसील प्रशासन के सामने यह लिखित आश्वासन दिया है कि चीनी मिल द्वारा प्रतिमाह गन्ना मूल्य के सात करोड़ रुपये गन्ना समिति के खाते में भेजे जाएंगे लेकिन वर्तमान जुलाई माह समाप्त होने में केवल एक सप्ताह का समय है और अभी तक केवल एक करोड़ 80 लाख रुपये का भुगतान ही चीनी मिल ने किया है।
चीनी मिल द्वारा वायदे के अनुसार भुगतान न करने की जानकारी मिलने पर समिति सभापति काफी नाराज हो गए। सभापति के निर्देश पर समिति सचिव ने बिलारी चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक को पत्र जारी करते हुए कहा कि वायदे के अनुसार भुगतान न करना किसानों के साथ धोखा है। जिसे सहन नहीं किया जाए्रगा। पत्र में चीनी मिल से यह भी कहा गया है कि वह अवशेष गन्ना मूल्य का भुगतान करने के लिए अपनी आगामी कार्ययोजना लिखित में भेजें। समिति सभापति ने बिलारी चीनी मिल के महाप्रबंधक गन्ना गिरीश कुमार सिंह को बैठक में बुलाकर भी नाराजगी जताई। उधर चीनी मिल महाप्रबंधक का कहना है कि अभी जुलाई माह खत्म होने में एक सप्ताह शेष है शीघ्र ही कुछ और गन्ना मूल्य भुगतान भेजा जाएगा।
बैठक के बाद समिति सभापति चौधरी विजयपाल सिंह ने पत्रकारों को बताया कि गन्ना समिति बिलारी में आने वाले तीनों चीनी मिलों पर बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराने की मांग को लेकर वह शीघ्र ही लखनऊ जाकर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलेंगे।