मुरादाबाद। फाजलपुर प्राथमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन में बच्चों को रेत मिली तहरी परोसने पर एनजीओ को नोटिस जारी कर उससे स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस बीच मध्याह्न भोजन योजना के जिला समन्वयक के नेतृत्व में स्कूल पहुंची टीम ने बच्चों के बयान दर्ज किए। बच्चों ने टीम के सामने तहरी में रेत मिलने की शिकायत दर्ज कराई है।
अजीम इस्लामिया पब्लिक स्कूल सोसायटी की ओर से मुरादाबाद नगर के 50 परिषदीय स्कूलों में मध्याह्न भोजन बांटा जाता है। बुधवार को सोसायटी ने साप्ताहिक मेन्यू के हिसाब से फाजलपुर स्कूल में तहरी पहुंचाई थी। स्कूल में जिन 35 बच्चों को तहरी परोसी थी उन सभी ने तहरी में रेत मिला होने की शिकायत की थी। स्कूल की प्रधानाध्यापिका डा. विनीता सिंह ने इसकी शिकायत खंड शिक्षा अधिकारी से की थी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी योगेंद्र कुमार ने बुधवार को ही मामले पर जांच बैठा दी थी। गुरुवार को मध्याह्न भोजन के जिला समन्वयक अखिलेश सागर के नेतृत्व में जांच टीम स्कूल पहुंची। टीम ने तहरी का सैंपल चेक किया और बच्चों के बयान भी दर्ज किए। सात बच्चों ने तहरी में रेत मिला होने की शिकायत जांच टीम से की है। को नोटिस जारी किया गया है। स्पष्टीकरण नहीं देने पर कार्यवाही करने की चेतावनी दी है।
टीम स्कूल गई और बच्चों के बयान लिए। सात बच्चों ने तहरी में रेत की शिकायत की। एनजीओ अजीम इस्लामिया पब्लिक स्कूल सोसायटी को नोटिस भेज दिया है। सैंपल की जांच में जला हुआ मसाला मिला है। स्कूल के पास ही निर्माण कार्य हो रहा है। वहां से रेत उड़कर बच्चों की तहरी में जा सकता है। - अखिलेश सागर, जिला समन्वयक एमडीएम