मुरादाबाद। कोरोना टीकाकरण अभियान के लिए नोडल अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं। साथ ही जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को डीएम की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में बैठक हुई। डीएम ने 11 जनवरी को द्वितीय ड्राई रन संचालित करने के आदेश दिए। जिलाधिकारी ने 63 वैक्सीनेशन टीमों को पूरा माइक्रो प्लान बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने वैक्सीनेशन स्थल पर वेटिंग रूम, वैक्सीनेशन रूम और आर्ब्जरवेशन रूम की ठीक प्रकार से व्यवस्था करने और वेटिंग एरिया में फ्लेक्सी लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वेटिंग रूम में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ 10 लोगों के एक साथ बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कांठ और कुंदरकी में एमएनएम प्रशिक्षण पूर्ण नहीं होने पर जिलाधिकारी ने तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिये कि महिला एवं बाल विकास पुष्टाहार पंचायतीराज और शिक्षा विभाग को कोरोना वैक्सीनेशन मैटेरियल प्रचार सामग्री उपलब्ध करा दें ताकि लोगों में जागरूकता हो और टीकाकरण में सहयोग करें।
जिलाधिकारी ने 11 जनवरी को कोविड वैक्सीनेशन के द्वितीय ड्राईरन और 17 से 24 जनवरी तक जनपद में पोलियो प्रतिरक्षण अभियान संचालित करने की कार्ययोजना बनाने को कहा 17 जनवरी को बूथ दिवस और 18 से 22 जनवरी तक हाउस टू हाउस अभियान चलाने को कहा। 23 व 24 जनवरी को बी टीम एक्टिविटी होगी। इस मौके पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में बच्चों एवं गर्भवती माताओं को टीकाकरण में अच्छी प्रगति अर्जित करने वाले चिकित्सकों व एएनएम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आठ केंद्रों पर इन्हें नामित किया गया नोडल अधिकारी
सीएमओ डॉ. एमसी गर्ग ने बताया कि डीएम ने ग्रामीण क्षेत्रों के 8 टीकाकरण केंद्रों पर नोडल अधिकारियों की तैनाती की है। सामुदायिक केंद्र ठाकुरद्वारा और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डिलारी के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. जीएस मर्तोलिया, पुलिस विभाग के नोडल अधिकारी सीओ डॉ अनूप सिंह और नोडल प्रशासनिक अधिकारी अवनीश कुमार उपजिला मजिस्ट्रेट ठाकुरद्वारा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोजपुर और मूंढापांडे के नोडल अधिकारी डॉ. संजीव बेलवाल, पुलिस के नोडल अधिकारी सीओ माजिद अबसार और नोडल प्रशासनिक अधिकारी प्रेरणा सिंह को नामित किया गया है। इसी तरह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. ब्रह्म सिंह, पुलिस विभाग के नोडल अधिकारी सीओ कांठ बलराम सिंह और नोडल प्रशासनिक अधिकारी एसडीएम हिमांशु वर्मा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंदरकी और बिलारी के नोडल अधिकारी रघुवीर सिंह, पुलिस विभाग के नोडल अधिकारी सलोनी अग्रवाल और नोडल प्रशासनिक अधिकारी प्रशांत तिवारी की तैनाती की गई है।