चंदौसी। कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी ने कहा कि जब से यूपी में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कमाल संभाली है, प्रदेश में गुंडे, माफियाओं का कोई स्थान यूपी में नहीं है। कुछ तो यूपी को छोड़कर दूर चले गए हैं, कुछ बहुत दूर चले गए हैं। चंदौसी में जनसंपर्क के दौरान व्यापारी कपिल गुप्ता के आवास पर प्रेसवार्ता करते हुए कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि वह प्रदेश अध्यक्ष व संगठन मंत्री के कहने पर यहां आए हैं। यहां पर वैश्य समाज के लोग उत्साहित हैं। सड़क पर स्वागत कर रहे हैं। मैं पूरे भरोसे के साथ कहता हूं कि प्रचंड बहुमत के साथ जीतकर आएंगे। यहां आपको डबल इंजन के साथ ट्रिपल इंजन की सरकार मिलेगी।
इसका लाभ सभी को स्थानीय जनता को मिलेगा। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास यह नारा ही नहीं उद्देश्य हमारा है। आज सभी जाति धर्म के लोग भाजपा में विश्वास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां विकास कम हुए हैं, वहां और विकास करेंगे। कई स्थानों से प्रार्थना पत्र भी मिले हैं। निश्चित रूप से उन सभी कार्यों को पूरा कराया जाएगा। इस मौके पर जिला प्रभारी राजा वर्मा, जिलाध्यक्ष ओमवीर खड़गवंशी, प्रत्याशी पति गिरीश बंधु, कपिल गुप्ता, पूर्व एमएलसी परमेश्वर लाल सैनी आदि मौजूद रहे।