बिलारी। अहरोला गांव के संपर्क मार्ग पर बृहस्पतिवार देर रात बाइक सवार भाई-बहन पर तेंदुए द्वारा हमला किए जाने की घटना के बाद वन विभाग गंभीर है। क्षेत्रीय वन अधिकारी रिजुल कंसल शुक्रवार सुबह वन विभाग की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। लेकिन आसपास के खेत सूखे होने की वजह से तेंदुए के पंजों के निशान नहीं मिल सके। इसके बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने अहरोला और उसके आसपास के गांवों में नुक्कड़ बैठकें कर लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया गया।
क्षेत्रीय वन अधिकारी के अनुसार दोनों घायल से पूछताछ में उन्होंने तेंदुए द्वारा हमला करने की बात कही। उन्होंने बताया कि फिलहाल यही मानकर चला जा रहा है कि बाइकसवार भाई बहन पर हमला करने वाला तेंदुआ था। कहा कि विभाग गोष्ठियां कर ग्रामीणों को जागरूक कर रहा है। वन कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अहरोला और आसपास के ग्रामों में सुबह शाम नियमित गश्त करते रहें।
बता दें कि बृहस्पतिवार को अहरोला गांव निवासी नेत्रपाल सिंह और उसकी बहन पुष्पा को तेंदुए ने उस समय हमला बोलकर घायल कर दिया था, जब वह बाइक से अपने गांव के संपर्क मार्ग से होते हुए मुख्य सड़क की ओर जा रहे थे। पुष्पा के अनुसार उनपर हमला करने वाला तेंदुआ ही था। भाई-बहन को सीएचसी में विशेष उपचार देकर रात में ही घर भेज दिया गया था लेकिन तेंदुए द्वारा हमला करने की इस घटना के बाद अहरोला क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
लगभग डेढ़ माह पहले धनुपुरा तुरखेड़ा के जंगल में मादा तेंदुआ के दो शावक मिले थे। वन विभाग द्वारा निगरानी शुरू करने पर दो दिन बाद मादा तेंदुआ अपने दोनों शावक को कहीं दूर ले गई थी। बीच में कई बार क्षेत्र के किसानों ने जंगल में तेंदुआ देखने की बात कही थी। देवीपुरा नगला गांव के प्रशासक वकार अहमद ने भी ग्रामीणाें के हवाले से अपने गांव के जंगल में तेंदुआ देखे जाने की बात अधिकारियों को बताई थी। अब बाइकसवार भाई-बहन पर हमला करने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि धनूपुरा तुरखेड़ा से लेकर अहरोला तक के जंगल में कहीं पर तेंदुआ छिपा हुआ है। संवाद