कुंदरकी। मझोला थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला अधिवक्ता ने कुंदरकी थाने में भाजपा जिला मंत्री बृजेश लोधी और उसके परिजनों के अलावा रतनपुर कला के मंडल अध्यक्ष और नानपुर के प्रधान के पति समेत नौ लोगों पर हमला करने और बैग छीनने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिला मंत्री पर शादी से मुकरने का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। महिला अधिवक्ता ने थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया है कि नानपुर गांव निवासी बृजेश लोधी ने उसको अपने प्रेमजाल में फंसाने के बाद शादी का झांसा देकर कई वर्षों तक जबरन शारीरिक संबंध बनाकर वीडियो बनाए, जब बहुत कहने के बाद भी बृजेश ने उससे शादी नहीं की तब मजबूर होकर उसके खिलाफ मुरादाबाद की थाना कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद बृजेश लोधी के परिवार वालों ने प्रधान पति दयाराम ने 15 दिन के अंदर उसकी शादी कराने का भरोसा देकर उसके
बयान अपने पक्ष में करा लिए जिसके केस में एफआर लग गई थी। आरोप है कि इस बात को काफी समय बीत जाने के बाद भी बृजेश लोधी ने उससे शादी नहीं बल्कि पता लगा कि 19 फरवरी को बृजेश लोधी की शादी थी जिसके संबंध में बृजेश से कहा कि तुमने मुझसे झूठ बोलकर एफआर लगवा ली और शादी किसी और से कर रहे हो।
अधिवक्ता का आरोप है कि बृजेश ने उसको अपने घर बुलाया और परिवार वालों ने मारपीट कर उसका बैग छीन लिया जिसमें 20 हजार रुपये, जरूरी कागजात, दो जोड़ी कपड़े, सोने की अंगूठी, सोने की कंठी, चांदी की पायजेब आदि सामान था। इसके बाद उसने घर के सामने बैठकर कार्रवाई की मांग को लेकर धरना भी दिया था तो उस समय पुलिस ने कार्रवाई की बात करके घर भेज दिया लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जिला मंत्री बृजेश लोधी, मंडल अध्यक्ष बबलू, प्रधान के पति दयाराम, जितेश, सुनीता, गजेंद्र, सावित्री, रामवती और रामगोपाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं जिला मंत्री बृजेश कुमार लोधी ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि जिस दिन घटना दिखाई जा रही है वह घर में नहीं था जिसके साक्ष्य में हमारे पास मौजूद है जिनको पुलिस को दे दिए। छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, पुलिस की जांच में वास्तविकता सामने आ जाएगी।