मुरादाबाद। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या एक बार फिर बढ़ने लगी है। पिछले दो दिनों में जिले में बुजुर्ग और युवक समेत नौ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। शुक्रवार को पांच नए पॉजिटिव केस मिले, जबकि गुरुवार को चार लोग संक्रमित पाए गए थे। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या अब 29 हो गई है।
फरवरी में संक्रमण के फैलाव में कमी आने पर राहत की सांस मिली। मार्च 2020 को छोड़कर फरवरी 2021 में सबसे कम 33 पॉजिटिव केस मिले। लेकिन मार्च में कोरोना संक्रमण का दायरा बढ़ने लगा है। फरवरी की तुलना में मार्च में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी आई है। इस महीने के बारह दिनों में 29 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। गुरुवार को देर रात आई रिपोर्ट में चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। वहीं शुक्रवार को पांच और नए केस मिले गए। इसमें बिलारी क्षेत्र के अस्सी वर्षीय बुजुर्ग, एमडीए कालोनी की 28 वर्षीय युवती और रुस्तमनगर निवासी युवक शामिल हैं। दो दिनों में नौ केस बढ़ने पर संक्रमित मरीजों की संख्या 11919 पहुंच गई है, जबकि 29 सक्रिय मरीज हैं।