मुरादाबाद। यहां से दूसरे जिलों में जाकर कई जमातियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद से चार थाना क्षेत्रों की नौ मस्जिदों व उसके आसपास के इलाके को हॉट स्पाट के रूप में चिह्नित किया गया है। शनिवार इन सभी नौ मस्जिदों व उसके आसपास की गलियों को दमकल विभाग के वाहन की मदद सैनिटाइज किया गया।
शहर की विभिन्न मस्जिदों में रहने के बाद दूसरे जिलों में गए 14 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। जिसके बाद से प्रशासन ने ऐसे उन सभी स्थानों के एक किमी दायरे को हॉटस्पाट के रूप में चिह्नित किया है। नगर आयुक्त संजय चौहान ने बताया कि इन सभी क्षेत्रों को नगर निगम की टीम एक बार सैनिटाइज कर चुकी है। शनिवार को दमकल वाहन की मदद से पक्की सराय मरकज, नल वाली मस्जिद, धोबियों वाली मस्जिद, बरवालान खिजरा मस्जिद, किनारे वाली मस्जिद, मझोला थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली बाग शहजादी मस्जिद, आयशा मस्जिद, राशिद वाली मस्जिद, मुगलपुरा थाना क्षेत्र के महलसराय मस्जिद, आयशा मस्जिद के अलावा मस्जिद के निकट तबेले के पास इमरान के मकान और उसके आसपास की सभी गलियों को सैनिटाइज किया। जोनल प्रभारी एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. एके वर्मा, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक दिलशाद ने अपनी देखरेख में यह कार्य कराया।
निजी घर को सैनिटाइज किए जाने को न करें फोन
मुरादाबाद। नगर आयुक्त संजय चौहान ने कहा कि कुछ व्यक्तियों द्वारा कंट्रोल रूम, अधिकारियों, पार्षदों व कर्मचारियों को बार-बार फोन कर अपने-अपने घर पर सैनिटाइजेशन का कार्य कराने के लिए अनुरोध किया जाता है। जो ठीक नहीं है। सैनिटाइजेशन का कार्य सार्वजनिक स्थलों, हॉटस्पाट क्षेत्र, बैंक, मंदिर, मस्जिद, कार्यालयों जहां आमजन का आना जाना अधिक होता है तथा क्वारंटीन किए गए घरों, वे स्थल जहां संक्रमित होने की प्रबल संभावना होती है, उन स्थलों पर कराया जाता है। उन्होेंने लोगों से अपील की कि वह परेशान न हों, जहां पर संक्रमण होने की संभावना है वहां पर मेडिकल प्रोटोकॉल के अनुसार आवश्यकता होने पर सैनिटाइजेशन का कार्य कराया जाएगा।