मुरादाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक स्कूलों के बच्चों को निपुण बनाने वाली जिले की नौ शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि इसमें एक शिक्षामित्र भी शामिल हैं। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने शिक्षिकाओं के नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति की सराहना की।
वहीं, प्राथमिक स्कूल पीपल गांव भगतपुर टांडा की शिक्षामित्र रेखा रानी, प्राथमिक स्कूल छजलैट की शिक्षिका रूपा देवी, प्राथमिक स्कूल अदलपुर डिलारी की संयोगिता, प्राथमिक स्कूल विजयरामपुर ठाकुरद्वारा की अमलेश कुमारी, प्राथमिक स्कूल झांझनपुर नगर क्षेत्र की रोशनी वर्मा, प्राथमिक स्कूल मोहम्मदपुर बस्तौर कुंदरकी की नूरीन असलम, प्राथमिक स्कूल रफतपुर मूंढापांडे की लता ठाकुर व जूनियर हाईस्कूल मंगूपुरा कंपोजिट मुरादाबाद ग्रामीण की मेहजबी नाज को सम्मानित किया गया।
बीएसए का कहना है कि निपुण लक्ष्य को हासिल करना शिक्षिकाओं की मेहनत, नियमित अभ्यास, रोचक शिक्षण विधियों व अभिभावकों के सहयोग से संभव हुआ है। शिक्षिकाओं ने बच्चों में पढ़ने, लिखने और समझकर सीखने की रुचि पैदा की, जिससे विद्यालय के शैक्षिक स्तर में सुधार हुआ है।