मुरादाबाद में तेजी से बढ़ रही कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के मद्देनजर डीएम राकेश कुमार सिंह ने नगर निगम क्षेत्र में शुक्रवार से रात 10 से सुबह छह बजे तक कर्फ्यू लगाने का आदेश दिया है। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल के बाद परिस्थितियों के आधार पर आदेश पर पुनर्विचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार शाम प्रमुख जनपदों के डीएम से वीडियो कांफ्रेंसिंग कर कोरोना संक्रमण की समीक्षा की थी। मुरादाबाद में संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ने पर डीएम ने शुक्रवार से रात्रि कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि रात्रि कर्फ्यू के दौरान स्टेट और नेशनल हाईवे पर वाहनों का आवागमन जारी रहेगा। आवश्यक वस्तुओं, दवा, सब्जी, फल, दूध, रसोई गैस आदि लाने ले जाने पर रोक नहीं होगी।
रात्रि कालीन ड्यूटी करने वाले सरकारी, अर्द्धसरकारी कर्मचारियों, निजी क्षेत्र के कार्मिकों को आवागमन में छूट रहेगी। इनका परिचय पत्र ही पास के रूप में मान्य होगा। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस अड्डे अथवा एयरपोर्ट आने-जाने वालों को टिकट दिखाने पर नहीं रोका जाएगा। पेट्रोल पंप और सीएनजी स्टेशन पूर्ववत खुले रहेंगे। औद्योगिक कारखाने भी कोविड प्रोटोकाल का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए चलते रहेंगे, इनके कर्मियों को रात्रिकालीन शिफ्ट के लिए परिचय पत्र दिखाने पर आवागमन की अनुमति दी जाएगी।