पुलिस बल की मौजूदगी में ठाकुरद्वारा मार्ग को फोर लेन बनाने के लिए जमीन कब्जा की प्रक्रिया लगातार चल रही है। विशेष भूमि अध्यापित अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि प्रशासन अपना काम कर रहा है। एनएचएआई को जमीन कब्जे की समस्या नहीं होने दी जाएगी। जिला प्रशासन जहां जरूरत है वहां सहयोग करेंगा। एनएचएआई अब बहाना नहीं बना पाएगा कि जमीन पर कब्जा नहीं मिला है। इसी बात को लेकर काफी विवाद भी बढ़ा था। डीएम ने भी स्पष्ट कहा कि 90 प्रतिशत जमीन पर कब्जा किया गया था। एनएचएआई को यदि कोई दिक्कत आ रही है तो उसे बताना चाहिए। रोड का काम सही समय पर गतिमान रहना चाहिए। इस रोड के निर्माण के लिए 625 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था। अभी रोड निर्माण का काम गति नहीं पकड़ा है। इसी को लेकर प्रशासनिक अधिकारी खासे नाराज चल रहे हैं।
मुआवजे की मांग को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन
डिलारी।
लोधीपुर पट्टी गांव निवासी कुछ लोग सोमवार डीएम कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर उन्हें मुआवजा दिलाने की मांग की। बताया कि मुरादाबाद-ठाकुरद्वारा हाईवे का चौड़ीकरण हो रहा है। इसके लिए क्षेत्र के गांवों के किसानों की जमीन भी अधिग्रहीत की गई है। सोमवार को डीएम कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने दावा किया कि लोधीपुर पट्टी के गाटा संख्या 128 और 134 में उनकी दुकान और घर हैं, जो उन्होंने नंगला ताहर निवासी संजय कुमार से बिक्री पत्र पर जमीन खरीद कर बनाई हैं।संजय को यह जमीन विरासत में मिली थी। फसली खतौनी में अभी भी संजय के पिता का नाम चला आ रहा है। जमीन में संजय के पिता का नाम होने कारण मुआवजा उन्हें मिल रहा है। शिकायतकर्ताओं ने एनएचएआई से उन्हें ही जमीन का मुआवजा दिलाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में गजरोल जयसिंह निवासी आशा, रुकसाना परवीन और लोधीपुर पट्टी निवासी अंशु पत्नी अनिल कुमार, मोहम्मद बिलाल, मोहम्मद नोमान आदि शामिल रहे। संवाद
नगर पंचायतों में बनेंगे वेडिंग जोन
नगर निगम की तरह अब नगरपालिका और पंचायतों में वेडिंग जोन बनेंगे। मुरादाबाद नगर निगम का सिविल लाइंस में वेडिंग जोन का काम चल रहा है। अब नगर पालिका व पंचायतों में भी वेडिंग जोन बनेंगे। संबंधित विभागीय अधिकारियों के लिए इसके लिए काम शुरू करने को कहा गया है। डीएम मानवेंद्र सिंह ने इसके लिए एक मीटिंग भी कुछ दिन पहले की थी। मुरादाबाद की आठ नगर पंचायतों कांठ, कुंदरकी, अगवानपुर, पाकबड़ा, ढकिया, भोजपुर, उमरी, महमूदपुर माफी नगर पंचायतों में भी वेंडिंग जोन विकसित करने की तैयारी है। इस व्यवस्था से काफी संख्या में लोगों को रोजगार भी मिलेगा।