मुरादाबाद। मुरादाबाद अलीगढ़ ग्रीन फील्ड हाईवे के लिए एनएचएआई 25 गांवों की 189 हेक्टेयर जमीन का राजस्व के साथ मिलकर सर्वे करेगा। इस मामले में परियोजना निर्देशक ने धारा 3-ए के तहत जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेज दिया है।
एनएचएआई मुरादाबाद -अलीगढ़ मार्ग का संयुक्त सर्वे राजस्व विभाग के साथ मिलकर एक एजेंसी के साथ करेगा। इस मामले में दोनों विभाग मिलकर मार्ग में आने वाले कुआं, पेड़ सहित किसानों के सह खातेदारों सहित अन्य विवरण जुटाएंगे। एनएचएआई ने इस मामले में धारा 3-ए का प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेज दिया है। इसकी पुष्टि परियोजना निदेशक अरविंद कुमार ने की है। सर्वे के बाद एनएचएआई 3-डी का गजट प्रकाशित किया जाएगा। इसके तहत जिला प्रशासन गाटा संख्या की जांच कर जमीन के अधिग्रहण की कार्रवाई करेगा। ग्रीन फील्ड हाईवे के निर्माण के लिए जिले की 25 गांवों की जमीनों का अधिग्रहण किया जाएगा। इसमें बिलारी तहसील के 21 और मुरादाबाद तहसील के चार गांव शामिल होंगे। इस मार्ग के निर्माण से गंगा एक्सप्रेस वे और औद्योगिक गलियारों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। इस मामले में एनएचएआई के पीडी अरविंद कुमार ने अलीगढ़, संभल और मुरादाबाद के डीएम को पत्र भेजा है। बताया है कि मुरादाबाद जिले के बिलारी तहसील क्षेत्र के नगलिया मसमौला, महमूदपुर माफी, असालतनगर बागा, कलाल खेड़ा उर्फ शहजाद खेड़ा, बागी गोवर्धनपुर, नौसना शेखूपुर, मदारपुरा, कुतुबपुर रैब, खुर्रमनगर बिचौला, अल्लापुर बिखन, लालवारा, रसूलपुर हमीर, जफरपुर, बहादुरपुर राजपूत, लालपुर गंगवाड़ी, फतेहपुर खास, रतनपुर कलान, मलकपुर, करीमपुर जब्ती, अजमतपुर और मालीपुर शामिल हैं। इसी प्रकार मुरादाबाद तहसील क्षेत्र के गजगौला नानकबारी, उमरी, गिन्नौर देह माफी और कस्बा मुरादाबाद की जमीन को शामिल किया जा रहा है।