मुरादाबाद। शहर की बेटियों और महिलाओं को पुस्तकालय में पढ़ने के लिए किसी भी तरह की असहजता का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिला प्रशासन की ओर से एक ऐसा पुस्तकालय बनवाया जाएगा, जो सिर्फ बेटियों और महिलाओं के लिए ही होगा। इसके लिए मंडलायुक्त ने बताया कि अंबर पुस्तकालय के लिए नगरायुक्त को जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं।
मुरादाबाद में युवाओं के बीच सबसे ज्यादा लोकप्रिय राजकीय पुस्तकालय है। लेकिन यहां पर पढ़ने के लिए सिर्फ 50 लोगों के ही बैठने की व्यवस्था है। यहां पर लड़के और लड़कियां दोनों ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पढ़ने आते हैं। कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि पिछले दिनों हुई बैठक में एक महिला अधिकारी ने सुझाव दिया था कि शहर में ऐसा पुस्तकालय होना चाहिए, जो सिर्फ बेटियों और महिलाओं के लिए ही हो। इससे पहले कुछ अभिभावकों ने भी इस तरह के पुस्तकालय बनवाने की मांग की थी। इसी परिकल्पना को साकार करने के लिए अंबर पुस्तकालय तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।