मुरादाबाद। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक का नया फुट ओवरब्रिज (एफओबी) सितंबर में स्थापित होगा। इसके लिए रेलवे ने ब्लॉक प्लान कर लिए हैं। सितंबर के प्रथम सप्ताह से काम शुरू हो जाएगा। अलग अलग दिनों में कुछ ट्रेनों निरस्त करके और कुछ को परिवर्तित मार्ग से चलाकर मुरादाबाद स्टेशन पर काम पूरा किया जाएगा।
इसके लिए रेलवे को प्लेटफार्म नंबर एक और दो की ओवर हेड इलेक्ट्रिसिटी वायर (ओएचई) खोलनी पड़ेगी। प्रथम चरण में गर्डर लांच किए जाएंगे। इसके बाद क्रेन की सहायता से भारी भरकम पुल को अलग-अलग हिस्सों में स्थापित किया जाएगा। रेलवे इस पुल के पास लिफ्ट और एस्केलेटर लगाने की भी तैयारी कर रहा है। इससे दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। हालांकि लिफ्ट और एस्केलेटर का काम पुल स्थापित होने के कुछ दिन बाद शुरू होगा। एडीआरएम (इंफ्रा) एनएन सिंह ने बताया कि पूरी प्लानिंग तैयार है। सितंबर के प्रथम सप्ताह में ब्लॉक लेकर गर्डर लांच किए जाएंगे। माह के अंत तक काम पूरा कर लिया जाएगा।