बिलारी। ब्लॉक के रामनगर गंगपुर गांव में सहकारिता विभाग की ओर से स्वीकृत की गई नई बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति का बृहस्पतिवार दोपहर से नियमित संचालन शुरू हो गया। गांव में आयोजित समारोह में जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन चौधरी विजयभान सिंह ने नई समिति का उद्घाटन किया।
रामनगर गंगपुर समेत आस पास के सात गांव किसान सेवा सहकारी समिति सनाई से संबद्ध होने की वजह से किसानों को सहकारी समिति कार्यालय से खाद, बीज और कीटनाशक दवाएं लेने के लिए अनावश्यक समय बर्बाद करना पड़ता था। इन ग्रामों के किसानों ने केंद्र और प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजकर अलग से सहकारी समिति को मंजूरी देने की मांग की थी। केंद्र सरकार द्वारा सहकारिता को बढ़ावा देने के उददेश्य से चलाई जा रही योजना के दौरान रामनगर गंगपुर में नई सहकारी समिति को मंजूरी मिल गई। जिसका पहला सभापति रामनगर गंगपुर गांव निवासी चौधरी धर्मवीर सिंह को सहकारिता विभाग द्वारा बनाया गया।
बृहस्पतिवार दोपहर समिति के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे जिला सहकारी बैंक मुरादाबाद के चेयरमैन चौधरी विजयभान सिंह ने कहा कि ग्रामीण इलाके में सहकारी समिति खुलने का सीधा लाभ आसपास के ग्रामों के किसानों को मिलेगा। समिति के पहले सभापति चौधरी धर्मवीर सिंह ने कहा कि इस समिति में रामनगर गंगपुर के अलावा अबूसैदपुर, तारापुर, सिसौना, गौराशाहगढ़, कासमपुर और अहलादपुर करार गांव शामिल हैं। उन्होंने कहा कि समिति के सभी कृषक सदस्यों के सहयोग से समिति का कारोबार आगे बढ़ाया जाएगा।
समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता चौधरी ऋषिपाल सिंह, भाजपा के बिलारी मंडल अध्यक्ष विकास गुप्ता एडवोकेट, किसान सेवा सहकारी समिति थांवला के सभापति प्रतिनिधि चौधरी अजय सिंह,सहकारी समिति बिलारी के सभापति चौधरी होशियार सिंह, एडीओ सहकारिता सुनील कुमार, एडीओ कृषि मोहित सिंह,दयाराम मौर्य आदि ने भी विचार रखे।