कुंदरकी के गुलड़ तिराहे के पास शनिवार शाम ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार अजय की मौत हो गई, जबकि उसके मामा राजा गंभीर रूप से घायल हो गए। अजय सोकनपुर थाना क्षेत्र के भूड़ावास निवासी था। अजय मुरादाबाद में ही कार एजेंसी में काम करता था।
कटघर के गोविंदनगर निवासी राजा पर बदायूं अदालत में मुकदमा विचाराधीन है। शनिवार को राजा तारीख पर बदायूं गया था। वह अपने भांजे को भी साथ ले गया था। वहां से राजा और अजय बाइक से मुरादाबाद लौट रहे थे। जब दोनों कुंदरकी नगर में गुलड़ तिराहे के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से अजय ट्रक की साइड में गिर गया और उसके सिर पर से ट्रक का पहिया निकल गया। जिससे उसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठा राजा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी चालक ट्रक तेजी से ट्रक दौड़ा कर फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है।
अजय की एक साल पहले ही हुई है शादी
सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अजय की एक साल पहले शादी हुई थी। बताते है कि पहले से उसकी पत्नी को समय से पहले की डिलीवरी हुई थी। हालांकि बच्चे की मौत हो गई थी। इसको लेकर पहले से ही पत्नी गम से बेहाल है। वहीं अब हादसे में अजय की मौत हो गई, जिसको लेकर उसकी पत्नी कोमल पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। मृतक अजय का एक छो़टा भाई मोनू है, जो गांव में रहता है।
राजा बोला, मैंने चलाने के लिए मांगी थी बाइक
सड़क हादसे में घायल राजा ने बताया कि उसने से अजय से कहा था कि अब मैं बाइक चलाता हूं। तब अजय ने बाइक नहीं दी और खुद ही चलाता रहा है। रोते हुए राजा ने कहा कि अचानक हादसा हुआ और अजय ट्रक की ओर गिरा, जबकि वह दूसरी साइड में गिरा गया था। हादसे के बारे में जानकारी देते हुए ही घायल राजा बेहोश हो गया, जिसको बाद जिला अस्पताल को रेफर कर दिया गया।