मुरादाबाद के दिल्ली हाईवे पर लगे जाम में फसें वाहन।
पाकबड़ा (मुरादाबाद)। भारी वाहनों की नो एंट्री खत्म होते ही हाईवे पर भीषण जाम लग गया। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर शुक्रवार शाम से सोमवार शाम तक हाईवे पर भारी वाहनों का संचालन बंद किया गया था, सोमवार शाम जैसे ही वाहनों के संचालन को अनुमति दी गई तो हाईवे से लेकर शहर के अंदर से निकलने वाली सड़क (स्टेशन रोड) पर भीषण जाम लग गया। जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह से धड़ाम हो गई। छह घंटे से ज्यादा समय तक हाईवे पर जाम की स्थित बनी रही। कई किलोमीटर तक वाहन रेंगते नजर आए। जिससे लोगों को भारी परेशानियाें का सामना करना पड़ा था।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए शुक्रवार शाम से हाईवे पर भारी वाहन और रोडवेज और निजी बसों के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इस दौरान रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई थी। दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को मुरादाबाद से कुंदरकी, बिलारी चंदौसी होते हुए अनूपशहर होते हुए बुलंदशहर से गुजारा गया था। सावन के अंतिम सोमवार पर जलाभिषेक और कांवड़ियों के वापस लौटने के बाद शाम को हाईवे पर भारी वाहनों के संचालन को अनुमति दे दी गई। कई तक से रुके ट्रैफिक को छोड़ा गया तो हाईवे पर पाकबड़ा में छह किलो मीटर लंबा जाम लग गया। जाम के चलते नेशनल हाईवे पर वाहन रेंगने लगे। हाईवे पर छह घंटे तक उमस और गर्मी में जाम में फंसे लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ी हैं। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद रात में यातायात चालू हो पाया। पाकबडा एसओ नीरज शर्मा ने बताया कि रुका हुआ ट्रैफिक छूटने से हाईवे पर जाम लग गया। उन्होंने बताया की पुलिस प्रत्येक प्वाइंट पर तैनात है।