मुरादाबाद। पारकर काॅलेज के मैदान पर चल रहे बिशप पारकर मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को नागपाल एकेडमी व रेलवे एकेडमी के बीच मुकाबला हुआ। नागपाल टीम ने रेलवे एकेडमी को 33 रन से हराया। जीत के हीरो ऑलराउंडर अभय सिंह रहे। उन्होंने नागपाल टीम के लिए चार ओवर में 16 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके।
निर्धारित 30 ओवर के मैच में नागपाल टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। खराब शुरुआत के बावजूद टीम ने सात विकेट पर 139 रन का स्कोर खड़ा किया। मध्य क्रम के बल्लेबाज काव्य चौधरी व यश देव ने 34-34 रनों का योगदान किया। इनके अलावा कोई बल्लेबाज 20 रन भी नहीं बना सका। कप्तान यश कुमार एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। रेलवे एकेडमी की ओर से वंश व कप्तान शम्स अली खान ने दो-दो विकेट लिए। केशव व ईषान को एक-एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे क्रिकेट एकेडमी 24.4 ओवर में 106 रन बनाकर सिमट गई। कप्तान शम्स ने सर्वाधिक 27 रन बनाए। नागपाल टीम की ओर से अभय ने शम्स, गौरांश कत्याल व सुहेल सैफ को आउट किया। उनके अलावा आर्यन ने भी तीन विकेट लिए। प्लेयर ऑफ द मैच अभय सिंह को चुना गया। पारकर कॉलेेज के प्रधानाचार्य एसके नाथन ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस मौके पर पारकर एकेडमी के कोच हिमांशु शर्मा, सतीश सर्मा, रजत शर्मा, गरजेव, अमित आदि मौजूद रहे।