मुरादाबाद। 37वें नेशनल गेम्स गोवा में 26 अक्तूबर से नौ नवंबर तक आयोजित हो रहे हैं। इसमें मुरादाबाद की मुक्केबाज मुस्कान 60 किलो भार वर्ग में हिस्सा ले रही हैं। जिले को उनसे पदक की उम्मीद है। मूल रूप से बिजनौर की निवासी मुस्कान 14 वर्ष की उम्र से ही मुरादाबाद की ओर से खेल रही हैं। एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर मुरादाबाद का नाम रोशन करने को तैयार हैं।
हालांकि इससे पहले वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतिभाग कर चुकी हैं। सब जूनियर, जूनियर व सीनियर नेशनल में उनके नाम पदक हैं। 28 अक्तूबर को वह गोवा के लिए रवाना हो गई हैं। मुस्कान इन खेलों में पदक जीतकर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना चाहती हैं।
अभी उनकी उम्र महज 20 वर्ष है। उनका सपना ओलंपिक तक पहुंचकर भारत को गोल्ड मेडल दिलाना है। उनके कोच व मुरादाबाद बॉक्सिंग एसोसिएसन के सचिव संतोष क्षेत्री ने उन्हें विजयी होकर लौटने के लिए शुभकामनाएं दीं हैं। क्षेत्री को भी इस प्रतियोगिता में निर्याणक के रूप में चुना गया है। वह भी गोवा के लिए रवाना हो गए हैं। उनके साथ मुरादाबाद के फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. जितिन चहल भी प्रतियोगिता में पहुंच रहे हैं। जितिन खिलाड़ियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तैनात किए गए हैं।