कांठ। एक सप्ताह पहले थार से पांच वर्षीय मासूम बच्ची की कुचलकर हुई मौत के मामले में पीड़ित परिवार की गुहार और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कांठ पुलिस ने मामले को हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। अब चालक पर मासूम की हत्या का केस चलेगा।
कांठ नगर के मोहल्ला घोसीपुरा निवासी विवेक कुमार सैनी की पुत्री मिष्टी 14 दिसंबर की शाम अपने घर के बार खड़ी थी तभी नगर अध्यक्ष आजाद समाज पार्टी भीम आर्मी लिखी तेज रफ्तार थार कार ने मिष्टी को टक्कर मारते हुए कुचल दिया था। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे से गुस्साई भीड़ ने थार में सवार तीन युवकों को बाहर खींचकर धुनाई और कार में भी तोड़फोड़ की थी। पुलिस कार सवारों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया था। यहां घंटों तक हंगामा चलता रहा था। थार कार चालक अब्दुल्ला, मोहम्मद आदम निवासी मोहल्ला घोसीपुरा कस्बा कांठ और बाबू निवासी मोहल्ला चौक बाजार कांठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए तीनों को थाने से ही नोटिस पर छोड़ दिया था।
इधर इससे पीड़ित पक्ष संतुष्ट नहीं था। इस प्रकरण में जब भाजपाइयों ने भी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग उठाई तो कांठ पुलिस ने तीनों आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया था, एसडीएम ने तीनों को जेल भेज दिया था, लेकिन पीड़ित पक्ष बार-बार बच्ची की कार से कुचलकर हत्या किए जाने की बात कह रहा था। इसके बाद इस मामले में डीआईजी, एसडीएम कांठ सहित अधिकारियों से पीड़ितों ने प्रार्थना-पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। जिसके बाद कांठ पुलिस बैकफुट पर आई और अब इस मामले को हत्या की धारा में तरमीम करते हुए थार कार चालक अब्दुल्ला पर कार्रवाई की है।