मुरादाबाद। भगतपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर गढ़ी के पास ढेला नदी किनारे बोरे में मिले महिला के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, गला घोंटकर महिला की हत्या की गई थी। दुष्कर्म की आशंका में स्लाइड भी तैयार की गई है। बुधवार देर रात तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी।
चांदपुर गढ़ी गांव के लोगों ने मंगलवार सुबह ढेला नदी किनारे एक बोरा पड़ा देखा था। लोगों के पास जाकर देखा तो बोरे से दुर्गंध आ रही थी। प्रधान अंकित कुमार की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मृतका की पहचान कराने की कोशिश की थी, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई थी। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम किया गया। जिससे पता चला कि गला घोंटकर महिला को मौत के घाट उतारा गया था। इसके बाद ही शव बोरे में भरकर फेंका गया था। एसपी देहात संदीप कुमार मीणा ने बताया कि मृतका की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।