मुरादाबाद। पीतल बस्ती में टंकी वाले पार्क में अंशुमन प्रताप सिंह उर्फ काका की हत्या उसके दोस्तों ने बेइज्जती का बदला लेने को की थी। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस का दावा है कि युवक ने अपने दोस्त नकुल के साथ मारपीट की थी। इसी बात से सभी दोस्त नाराज हो गए और उन्होंने सबक सिखाने के लिए उसकी हत्या की साजिश रच दी।
एसएसपी हेमंत कुटियाल ने बताया कि सोमवार शाम करीब सवा सात बजे पीतल बस्ती में टंकी वाले पार्क में अंशुमन (25) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में युवक के पिता की तहरीर पर उसके दोस्त नकुल, सुभाष यादव, सौरभ शर्मा, अवनीश और रचित के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी सुभाष और सौरभ को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि छह माह उनके सामने अंशुमन ने नकुल के साथ मारपीट की थी। इससे नकुल अपने दोस्त अंशुमन से नाराज रहने लगा। घटना से पांच दिन पहले अंशुमन और सौरभ के बीच भी झगड़ा हुआ था। इसकी जानकारी नकुल और सुभाष हो गई थी। तब तीनों ने अपने दो अन्य साथी अवनीश और रचित को साथ लेकर अंशुमन को सबक सिखाने की ठान ली। घटना वाले दिन अंशुमन पार्क में पहुंचा तो एक- एक पांचों आरोपी भी आ गए। अंशुमन बेंच पर बैठा था। इसी दौरान सुभाष ने अंशुमन के सीने में गोली मार दी थी। वो नीचे झुका तो सौरभ ने पीठ में गोली मार दी थी। इसके बाद पांचों आरोपी मौके से भाग गए थे।
बिरादरी का हवाला देकर नकुल ने सुभाष को भड़काया
पुलिस का दावा है कि नकुल बार-बार सुभाष यादव को भड़काता था कि हम दोनों एक ही बिरादरी के हैं। अंशुमन ने मेरी पिटाई की है। मुझे उसे सबक सिखाना है। सुभाष से कहा कि उसे मेरा साथ देना चाहिए। पहले दोनों ही अंशुमन को ठिकाने लगाने की योजना बनाई थी। जब इन्हें सौरभ और अंशुमन के झगड़े की जानकारी हुई तो उसे भी अपने साथ मिला लिया था।
एसएसपी ने किया 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित
दोस्त की हत्या करने के बाद फरार हुए आरोपियों पर एसएसपी हेमंत कुटियाल की ओर से 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। पीतल बस्ती निवासी नकुल, अवनीश और रचित की तलाश में पुलिस और एसओजी टीम लगी है।
हत्याकांड में शामिल सभी आरोपी पकड़े जाएं
अंशुमन के पिता विश्व प्रताप सिंह का कहना है कि पुलिस अभी तक दो आरोपी ही पकड़ सकी है। बाकी आरोपी भी पकड़े जाएं। उनका दावा है कि इस हत्याकांड में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस सभी से पू छताछ करेगी तो मास्टरमाइंड का नाम सामने आ सकता है। पुलिस को गहनता से इस मामले में तफ्तीश करनी चाहिए।