मुरादाबाद। सिविल लाइन थानाक्षेत्र में चट्टा पुल के पास टयूबवैल के लिए बने कमरे के पीछे बृहस्पतिवार को 30 वर्षीय एक युवक का शव मिला। अंदेशा है कि गला घाेंटकर युवक की हत्या कर शव को यहां फेंक दिया गया है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ सिविल लाइन राजेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर को सूचना मिली कि चट्टा पुल के पास हाईवे से एक किलोमीटर अंदर कच्ची सड़क के किनारे एक युवक का शव पड़ा है। शव मिलने की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे। छानबीन की गई तो पता चला कि युवक के गले पर फंदे के निशान हैं। शव करीब दो दिन पुराना लग रहा है। आसपास के लोगों को बुलाकर शव की शिनाख्त के प्रयास किए गए लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सोशल मीडिया पर युवक की शव के फोटो वायरल कर उसकी शिनाख्त की अपील की गई है। सीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि युवक को हत्या के बाद कहीं पर रखा गया था, इसके बाद उसका शव रात को यहां पर फेंका गया है। क्योंकि ग्रामीणों का कहना है कि बुधवार को शव वहां पर नहीं था। पोस्टमार्टम के बाद भी इस मामले में कार्यवाही की जाएगी।