पाकबड़ा थाना क्षेत्र के गांव समाथल में एक युवती की रेप के बाद मुंह और नाक दबाकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारों ने युवती का मोबाइल फोन उसकी लाश के ऊपर रखा और फरार हो गए। युवती की लाश गांव के बाहर जंगल में पड़ी मिली। सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत है। पोस्टमार्टम में स्मूदरिंग (दम घुटना) बताया गया है। बलात्कार की पुष्टि के लिए स्लाइड तैयार की गई है।
सोमवार सुबह समाथल और नंग्ला बलवीर गांव के बीच जंगल में एक युवती की लाश पड़ी देख ग्रामीण सहम गए। युवती के कपड़े अस्त व्यस्त थे और उसके मुंह से खून निकल रहा था। उसके सीने पर एक मोबाइल फोन रखा था। मौका ए वारदात पर छीनाझपटी और संघर्ष के निशान भी थे। थोड़ी देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। उसके दोनों पैरों को दुपट्टे से बांधा गया था। मौका ए वारदात से साफ था कि युवती को रेप के बाद बेरहमी से मारा गया है।
थोड़ी देर में पुलिस पहुंची और छानबीन शुरू हुई तो पता चला कि युवती पड़ोस के गांव समाथल की रहने वाली थी। लाश पर रखा मिला मोबाइल फोन भी उसी युवती का ही था।
युवती के परिजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। युवती की बहन ने बताया कि रात तक उसकी बहन सुरक्षित थी। सुबह किसी वक्त घर से आई थी। परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया है कि युवती की मोबाइल पर किसी से बात हो रही थी। पुलिस कॉल करने वाले को तलाश कर रही है। युवती पाकबड़ा के एक स्कूल में साफ सफाई का काम करती थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शाम को शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।