मुरादाबाद। दुष्कर्म में नाकाम रहने के बाद युवती को गला घोंटकर मौत के घाट उतारने के आरोपी युवक बिट्टू को यह अहसास हो गया था कि वह पकड़ा जाएगा। इसलिए उसने अपने पीआरडी जवान दोस्त से कहा था कि कुछ काम हो तो अभी बता दे। मैं जल्द ही जेल जाने वाला हूं। शनिवार को पुलिस ने इस मामले के खुलासे का दावा करते हुए गिरफ्तार किए गए आरोपी युवक का चालान कर दिया।
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने शनिवार दोपहर पुलिस लाइन में हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मझोला क्षेत्र में रहने वाली युवती का शव चौदह फरवरी की सुबह पैपटपुरा में मिला था। युवती 13 फरवरी की शाम ट्यूशन पढ़ाने घर से निकली थी। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पता चला था कि ट्यूशन पढ़ाने के बाद घर लौटते समय युवती एक युवक के साथ बाइक पर बैठी थी। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पुलिस ने तलाश शुरू की तो आरोपी की पहचान बिट्टू निवासी पंडित नगला थाना कटघर के रूप में हुई। पुलिस ने शुक्रवार रात आरोपी बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया था।
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह युवती को पांच साल से जानता था। कई बार वह पहले भी उससे मिल चुका था। घटना वाले दिन वह युवती को रास्ते में मिल गया था और अपनी बाइक पर बैठा कर मझोला क्षेत्र के पैपटपुरा में सुनसान स्थान पर ले गया था। आरोपी ने बताया कि वह नशे की हालत में था। उसने युवती से दुष्कर्म का प्रयास किया था। युवती ने इसका विरोध किया। जिससे वह गुस्से में आ गया उसने पहले युवती के मुंह पर मुक्का मारा। इसके बाद उसके ही दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी । आरोपी ने युवती की लाश को खींचकर दीवार के पीछे छिपा दिया था। इसके बाद युवती का बैग भी वहीं फेंक कर फरार हो गया था। शनिवार दोपहर बाद पुलिस ने आरोपी बिट्टू को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी के मुताबिक बिट्टू हत्या करने के बाद वह मंडी समिति गेट के पास अपने साथी पीआरडी जवान से मिला था। बिट्टू ने कहा था कि वह जल्द ही जेल जाने वाला है। अगर कोई काम हो तो बता दो। बिट्टू ने जीआरडी से कहा था कि वह किसी का काम तमाम करके आया है। हालांकि पीआरडी जवान ने इसकी जानकारी पुलिस को नहीं दी थी क्योंकि वह इसके मजाक समझ रहा था। बिट्टू के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने पीआरडी जवान से भी पूछताछ की।
कैप से हो गई पहचान
बिट्टूू अक्सर कैप लगाए रखता था। सीसीटीवी फुटेज में भी साफ नजर आ रहा था कि जो युवक लड़की को अपनी बाइक पर लेकर जा रहा है वह बाइक लगाए है। हत्या के बाद बिट्टू अपनी कैप को मौका ए वारदात पर ही भूल गया जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया था। कैप लेकर पुलिस ने वीडियो फुटेज के साथ लोगों से पूछताछ शुरू की तो कई युवकों ने बताया कि यह तो बिट्टू है। वही कैप लगाता है। पुलिस उसके घर पहुंची तो वह फरार हो चुका था। इससे पुलिस का शक यकीन में बदल गया और मामला पूरी तरह से खुल गया। पुलिस ने उसे संभल से धर दबोचा।
बाइक कीचड़ में फंसी तो दो युवकों से ली थी मदद
मुरादाबाद। हत्या करने के बाद आरोपी घटनास्थल से बाइक लेकर भागा था। तब इसकी बाइक कीचड़ में फंस गई थी। इसी दौरान वहां दो युवक पहुंच गए थे। तब आरोपी ने उन युवकों से कहा कि मेरे दोस्तों ने मुझे शराब पिलाई थी। इसके बाद मेरा मोबाइल लूट कर भाग गए हैं। जिसके बाद युवकों ने बिट्टू की मदद की थी। इन युवकों से भी पुलिस ने पूछताछ की।
पकौड़ी के ठेले पर पी थी शराब
मुरादाबाद। आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात वह खुशहालपुर वसंत विहार अपनी नानी के घर मौजूद था। उसे जानकारी थी कि युवती कब ट्यूशन पढ़ाकर निकलती है। उसने खुशहालपुर रोड पर पकौड़ी के ठेले पर शराब पी। इसके बाद पौने नौ बजे युवती के आने पर वह बाइक लेकर चल पड़ा था। रास्ते में उसने युवती को अपनी बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद महीलाल स्कूल के सामने वाले रास्ते से गोल चक्का होते हुए गांगन तिराहा दिल्ली रोड पर पहुंच गया था। इसके बाद चौहानों वाली मिलक से पैपटपुरा पहुंचा था।
युवती के भाई ने खुलासे पर उठाए सवाल
मुरादाबाद। युवती के भाई ने हत्याकांड के खुलासे पर सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि पुलिस ने गलत खुलासा किया है। फोटो वाला युवक कोई और है। उसने बताया कि मेरी बहन शराब और शराबी से नफरत करती थी। वो किसी शराबी युवक के साथ बाइक पर घूमने नहीं जा सकती। पुलिस ने जल्दबाजी में खुलासा किया है। उसने बताया कि वह इस मामले की शिकायत पुलिस के उच्च अफसरों से करेगा।
एसएसपी ने पुलिस टीम को दिया 25 हजार का नकद पुरस्कार
मुरादाबाद। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने युवती की हत्या का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया। जिसमें मझोला थाने की पुलिस के अलावा एसओजी और सर्विलांस टीम शामिल रही। एसपी सिटी अमित आनंद ने बताया कि 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई थी। जिससे पता चला था कि युवती किसी युवक के साथ बाइक पर बैठकर गई थी। पुलिस की ओर से फोटो सोशल मीडिया पर जारी किया गया था। साथ ही सूचना देने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई थी। पुलिस के पास करीब तीन सौ कॉल आई। जिन्होंने युवक के बारे में जानकारी दी थी। एसपी सिटी ने बताया कि इनमें से तीन लोगों को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।