बिलारी। सहसपुर गांव में ब्लॉक कार्यालय के गेट पर ई रिक्शा से उतरे युवक बाइक से टकरा गए। इस दौरान मारपीट होने पर मामला तूल पकड़ गया पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। नामजद में से तीन आरोपियों को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर अदालत में चालान कर दिया।
बिलारी नगर के मोहल्ला महाजनान नई सड़क निवासी बब्लू सिंह की ओर से बृहस्पतिवार की शाम को थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा गया है कि बीती एक जुलाई की दोपहर वह अपने दोस्त के साथ ई रिक्शा में बैठकर सहसपुर स्थित ब्लॉक कार्यालय परिसर में संचालित अस्पताल में दवाई लेने गया। जैसे ही दोनों दोस्त ई रिक्शा से उतरे तभी सहसपुर गांव निवासी आजम की बाइक से टकरा गए। बब्लू सिंह का आरोप है कि आजम ने फोन करके अपने तीन दोस्तों जीशान,अमान और चांदबाबू सभी निवासी सहसपुर को मौके पर बुला लिया। उसके बाद चारों ने एकराय होकर मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
पुलिस ने नामजद में तीन आरोपियों जीशान, अमान और आजम को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में चालान कर दिया। पुलिस की चालानी रिपोर्ट में कहा गया कि शुक्रवार सुबह तीनों आरोपी पीड़ित बब्लू सिंह मुकदमा लिखाने की रंजिश को लेकर झगड़े पर आमादा हो रहे थे। तीनों को मौके पर गिरफ्तार न किया गया होता तब किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे देते। एसडीएम न्यायालय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम तीनों आरोपियों के तीन तीन लाख रुपये की धनराशि की जमानत और मुचलके दाखिल करने पर रिहा कर दिया गया।