मुरादाबाद। रेलवे स्टेशन रोड पर मंगलवार देर रात नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस की मौजूदगी में पांच रेस्टोरेंट सील किए गए। कार्रवाई से होटल और ढाबा संचालकों में हलचल मच गई। नगर निगम की टीम ने रेलवे स्टेशन के सामने और आसपास के इलाके में फुटपाथ पर अतिक्रमण और गंदगी करने के कारण रेस्टोरेंट संचालकों पर यह कार्रवाई की।
इस दौरान शर्मा रेस्टोरेंट, वीआईपी रेस्टोरेंट, माहेश्वरी रेस्टोरेंट समेत पांच होटल और ढाबों को सील कर दिया गया। कई स्थानों से टीम ने सामान भी जब्त किया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध कब्जों को हटाया गया और अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई। अभियान के दौरान स्टेशन रोड पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। होटल और दुकानदारों में भगदड़ जैसी स्थिति दिखी। कुछ कारोबारी अपने प्रतिष्ठानों से सामान हटाने में जुट गए, जबकि कई लोग कार्रवाई रुकवाने के लिए अधिकारियों से गुहार लगाते नजर आए। देर रात तक चली इस कार्रवाई से रेलवे स्टेशन रोड पर लंबा जाम भी लग गया, जिससे राहगीरों और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने कहा कि शहर में अवैध अतिक्रमण और नियमों के खिलाफ चल रहे निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने वालों और बिना अनुमति कारोबार चलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।